
चेन्नई।कोयम्बेडु बस टर्मिनस का नाम अब एमजीआर के नाम पर रखा जाएगा। वहीं चेन्नई के पास एक नया एयरपोर्ट बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री एडपाडी के. पलनीस्वामी ने यह घोषणा की।
वे रविवार को नन्दनम स्थित वाईएमसीए ग्राउण्ड में एमजीआर शताब्दी जन्म शताब्दी समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलबध्यिों का बखान करते हुए कई घोषणाएं भी की। पलनीस्वामी ने कहा चेन्नई के पास ही नया एयरपोर्ट विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे लोगों को काफी सुविधा मिल सकेगी। माधवरम में नया बस टर्मिनल का लाभ भी लोगों को मिल सकेगा। उत्तरी चेन्नई इलाके में कई विकास कार्यों के बारे में उन्होंने जानकारी दी।
उप मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने कहा कि हम एमजीआर के बताए मार्ग पर चलते हुए उनके सपनों को साकार करें। एमजीआर ने प्रदेश में विकास कार्यों की बदौलत तमिलनाडु के एक नए विकास के मार्ग पर ले गए। अब एआईएडीएमके सरकार भी प्रदेश के विकास में अपना पूरा योगदान दे रही है।
तमिलनाडु विधानसभाध्यक्ष पी. धनपाल, लोकसभा में उपनेता तम्बीदुरै समेत अन्य कई नेताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वन मंत्री दिण्डीगुल श्रीनिवासन, ऊर्जा मंत्री पी. तंगमणी, मत्स्य पालन मंत्री डी. जयकुमार, उच्च शिक्षा मंत्री के.पी. अन्बझगन, समाज कल्याण मंत्री वी. सरोजा, उद्योग मंत्री एम.सी. संपत समेत अन्य मंत्री, सांसद, विधायक मौजूद थे।
लगते रहे जयकारे
एमजीआर जयंती समारोह में लोग अपनी प्रिय नेता के जय-जयकार के नारे लगा रहे थे। मुखमंत्री, उप मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान भी एआईएडीएमके समर्थकों ने कई बार तालियां बजाई और जय-जयकार के नारे लगाए। समर्थकों ने अपने हाथों में एमजीआर, जयललिता के फोटो भी हाथ में ले रखे थे और कई बार लहराते नजर आए। सभा स्थल भी एमजीआर, जयललिता, पलनीस्वामी, पन्नीरसेल्वम के फोटो से अटा पड़ा था। कई जगह बड़े-बड़े कटआउट भी लगे थे। समूचे रास्ते में एआईएडीएमके के झंडे, बैनर व पोस्टर लगे थे। हालांकि एक दिन पहले ही मद्रास हाइकोर्ट ने बिना अनुमति के कई जगह पर बैनर पोस्टर लगाने पर कड़ी फटकार लगाते हुए इन्हें हटाने का निर्देश दिया था।
जगह-जगह लगा जाम
एमजीआर जयंती में शामिल होने के लिए तमिलनाडु के विभिन्न जिलों से लोग पहुंचे। यातायात पुलिस ने हालांकि पार्किंग के लिए कई जगह स्थल चिन्हित किए थे, लेकिन विभिन्न जगहों से एआईएडीएमके के समर्थकों की भारी भीड़ के चलते समारोह स्थल से पूर्व अन्ना सालै पर जाम के हालात बन गए। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों को समारोह स्थल तक पहुंचने के लिए भी लम्बा रास्ता तय करना पड़ा। ऐसे में आवश्यक कार्यवश एवं अस्पताल जाने वाले लोगों को सबसे अधिक दुविधा का सामना करना पड़ा। समारोह के बाद बीच रोड पर लम्बे समय तक जाम लगा रहा।
स्टालिन समेत अन्य ने बनाई दूरी
एमजीआर शताब्दी जन्म समारोह के लिए विपक्ष के नेता एवं डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन को भी न्योता दिया गया था लेकिन उन्होंने यह कहते हुए आने से इन्कार कर दिया था कि यह सरकारी समारोह के तौर पर नहीं बल्कि एआईएडीएमके ने इस राजनीतिक हथियार के रूप में आयोजित कर रही है जबकि एआईएडीएमके ने इसे सरकारी समारोह बताया था। स्टालिन ने कहा था कि एआईएडीएमके जन्म शताब्दी का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है। एआईएडीएमके की ओर से टीटीवी दिनकरण समेत कई प्रमुख नेताओं को भी आमंत्रण भेजा था लेकिन किसी ने भी समारोह में शिरकत नहीं की। वरिष्ठ मंत्री डी. पांडियराजन ने स्पष्ट किया कि यह सरकारी समारोह है न कि पार्टी का समारोह। इस कारण इस कार्यक्रम में कोई भी भाग ले सकता है।