
Chhatarpur Husband Wife Death: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम जैतपुरा गांव शनिवार दोपहर को उस वक्त हड़कंप मच गया जब खेत से घर लौट रही एक महिला पर उपर से गुजरा बिजली का तार गिर गया। महिला पर बिजली का तार गिरने पर पति उसे बचाने पहुंचा और खुद भी तार की चपेट में आ गया। दोनों को अचेत अवस्था में ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
शनिवार दोपहर करीब 2.30 बजे जैतपुरा गांव में रहने वाले रुक्मन प्रजापति (24) खेत से घर लौट रही थी। इसी दौरान रुक्मन पर बिजली का तार गिर गया, तार के गिरते करंट लगने से रुक्मन तेज आवाज में चिल्लाने लगी। पास ही में खेत में काम कर रही एक बुजुर्ग महिला ने जब रुक्मन की आवाज सुनी तो मदद के लिए उसके पति चंद्रभान प्रजापति (28) रो आवाज दी। पति चंद्रभान भागते हुए पत्नी के पास पहुंचा और बचाने के प्रयास में खुद भी तार की चपेट में आ गया।
पति-पत्नी के अचेत होकर गिरने के बाद प्रत्यक्षदर्शी महिला दौड़ते हुए गांव पहुंची और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अचेत हालत में चंद्रभान व उसकी पत्नी रुक्मन को अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने जांच के बाद पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया। एक साथ एक ही परिवार के दो युवा सदस्यों की मौत से जिला अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की खबर से जैतुपुरा गांव में भी मातम छा गया है। सूचना मिलने पर पहुंची मातगुवां थाना पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।