महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय छतरपुर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) 2025-26 के लिए रजिस्टर्ड हो गया है।
महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय छतरपुर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) 2025-26 के लिए रजिस्टर्ड हो गया है। अब, देशभर के विभिन्न राज्यों से छात्र एमसीबीयू में शिक्षा प्राप्त करने के लिए इस प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होंगे और विश्वविद्यालय में दाखिला प्राप्त करेंगे।
वर्तमान में विश्वविद्यालय सीयूईटी के माध्यम से अपने यूजी प्रोग्राम के लिए केवल 25 प्रतिशत सीटों का चयन करेगा। जबकि शेष 75 प्रतिशत सीटें पिछले वर्षों की तरह सामान्य तरीके से भरी जाएंगी। इसके जरिए विश्वविद्यालय को अधिक से अधिक छात्रों को अपनी शैक्षिक सुविधाएं प्रदान करने का अवसर मिलेगा। सीयूईटी परीक्षा में सम्मिलित होने के इच्छुक छात्र 1 मार्च से लेकर 22 मार्च तक एनटीए की वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भर सकते हैं।
मीडिया समिति की सदस्य एवं सहायक प्राध्यापक पूजा तिवारी ने बताया कि यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है कि, कुलगुरु प्रो. शुभा तिवारी के मार्गदर्शन में महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने सीयूईटी के लिए रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। अब पूरे देश के विद्यार्थियों के लिए इस विश्वविद्यालय में दाखिला प्राप्त करना संभव हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा यह कदम विश्वविद्यालय को और अधिक प्रतिष्ठित करेगा और छात्रों के लिए एक नई दिशा प्रदान करेगा। अब सीयूईटी के माध्यम से उम्मीदवार विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
यह कदम न केवल विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को बढ़ाएगा, बल्कि इससे छात्र-छात्राओं को भी बेहतर शैक्षिक अवसर प्राप्त होंगे। इससे न केवल छतरपुर, बल्कि पूरे प्रदेश के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस नई पहल से यह उम्मीद जताई जा रही है कि अब देशभर के विभिन्न हिस्सों से छात्रों का एमसीबीयू में दाखिला होगा, जो विश्वविद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता को और भी मान्यता प्रदान करेगा।