छतरपुर

जिले में चावल का कोटा हुआ कम, गेहूं का बढ़ा, इस बार चावल नहीं गेहूं बांटा जाएगा ज्यादा

खाद्य, नागरिक आपूर्ति संचालनालय ने सभी जिलों में गेहूं का कोटा बढ़ा दिया और चावल का कोटा कम कर दिया है। जिससे अब लोगों को पर्याप्त मात्रा में गेहूं उपलब्ध हो सकेगा।

2 min read
Oct 13, 2024
राशन वितरण करते हुए

छतरपुर. सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत योजना के पात्र परिवारों के लिए अभी तक गेहूं से ज्यादा चावल बांटा जा रहा था। लेकिन छतरपुर जिले में लोग प्रतिदिन के भोजन में चावल से अधिक गेहूं का उपयोग करते हैं। जिससे लोग राशन दुकानों से सामग्री लेकर जरूरत का चावल रखकर बाकी बेच रहे थे। वहीं अब खाद्य, नागरिक आपूर्ति संचालनालय ने सभी जिलों में गेहूं का कोटा बढ़ा दिया और चावल का कोटा कम कर दिया है। जिससे अब लोगों को पर्याप्त मात्रा में गेहूं उपलब्ध हो सकेगा।

हर महीने राशन लेना जरूरी


वहीं बीते माह से नए नियमानुसार अब उपभोक्ता को प्रत्येक माह अपने परिवार का राशन दुकान से लेना होगा। अन्यथा की स्थिति में वह ऑटोमेटिक लैप्स हो जाएगा। अभी तक हितग्राही अगर किसी माह राशन नहीं ले पाते थे। तो वह दूसरे माह की 20 तारीख तक अपना दो माह का राशन एक साथ राशन दुकान से उठा लेते थे। लेकिन अब नियमों में बदलाव होने से ऐसा नहीं हो पाएगा। इस बार छतरपुर जिले को गेहूं का कोटा सितंबर की अपेक्षा 9 हजार क्विंटल बढकऱ आया है।

ये है अक्टूबर का आवंटन


नए आदेशानुसार राशन की सप्लाई राशन की दुकानों पर की गई है और इस माह से ही चावल से ज्यादा गेहूं वितरित किए जाएंगे। वहीं जितना गेहूं का कोटा बढ़ा है, इतना ही चावल का कोटा कम किया गया है। ऐसे में बढ़े हुए गेहूं के अनुपात को पूरा करने के लिए राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त मात्रा में आवंटन जिलों को किया गया है। जिससे नए नियमानुसार वितरण प्रणाली में किसी प्रकार की समस्या न हो। जिसके चलते जिले में सभी राशन दुकानों के लिए अक्टूबर माह के लिए 40938 क्विंटल गेहूं और 38447 क्विंटल चावल, शक्कर 305 क्विंटल, नमक 2630 क्विंटल आवंटित किया है।

इतना मिलेगा राशन


नए आवंटन के रिलीज ऑर्डर पोर्टल पर अपलोड अब तक प्रति व्यक्ति 2 किलो गेहूं और 3 किलो चावल का वितरण राशन दुकानों से किया जा रहा था। इसके अलावा अंत्योदय कार्ड धारक प्रत्येक परिवार को 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल दिए जा रहे थे। लेकिन संचालनालय ने जो बदला हुआ अनुपात तय किया है। उसके अनुसार अब प्रति व्यक्ति 3 किलो गेहूं और 2 किलो चावल व अंत्योदय परिवार को 21 किलो गेहूं और 14 किलो चावल दिया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों के हिसाब से नए आवंटन के रिलीज ऑर्डर पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं। जिसके आधार पर आवंटन किया जाएगा।

इनका कहना है


अक्टूबर माह से जिले में चावल से ज्यादा गेहंू के लिए जो नया अनुपात तय हुआ है। इसके लिए राशन दुकानों तक आवंटन के हिसाब से सामग्री भेजी गई है।
सीताराम कोठारे, जिला खाद्य अधिकारी, छतरपुर

Published on:
13 Oct 2024 10:47 am
Also Read
View All

अगली खबर