3 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट: काम करने को कहा तो डंडे से सिर पर किए ताबड़तोड़ वार

जब पिता ने उसे आवारागर्दी छोड़कर काम में हाथ बंटाने की सलाह दी, तो सिरफिरा बेटा आगबबूला हो गया। उसने पास ही पड़े भारी डंडे को उठाकर पिता के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिए।

less than 1 minute read
Google source verification
police at spot

जांच करती पुलिस

थाना क्षेत्र के पनोठा गांव के रगुनिया पुरवा में एक बेटे द्वारा पिता की निर्मम हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के नशे में धुत 35 वर्षीय बेटे ने मामूली सी बात पर अपने 70 वर्षीय बुजुर्ग पिता पर डंडे से हमला कर उन्हें मौत की नींद सुला दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

खेत में लहसुन उखाड़ रहे पिता पर हमला


प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 7 बजे की है जब बुजुर्ग पंचू कुशवाहा अपने खेत में लहसुन उखाड़ रहे थे। इसी दौरान उनके तीन बेटों में सबसे बड़ा बेटा 35 वर्षीय रामकृपाल उर्फ गुल्लू वहां पहुंचा, जो रात भर घर से गायब था। जब पिता ने उसे आवारागर्दी छोड़कर काम में हाथ बंटाने की सलाह दी, तो सिरफिरा बेटा आगबबूला हो गया। उसने पास ही पड़े भारी डंडे को उठाकर पिता के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार करना शुरू कर दिए। गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग पंचू कुशवाहा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जंगल में छिपा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा


वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही ईसानगर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गहरवार के जंगलों की घेराबंदी की और हत्यारे बेटे को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की जांच जारी

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब का आदी है और अक्सर घर में विवाद करता था। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।