सहजयोग महोत्सव 2026, आज मनाएंगे श्री माताजी का 103 वां जन्मोत्सव
छिंदवाड़ा. लिंगा के शिव पर्वत पर चल रहे सहजयोग महोत्सव में महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और केरल की युवा शक्ति ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। श्री माताजी निर्मला देवी के 103 वें जन्मोत्सव पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन की संध्या मुक्ताकाशी मंच से दी गई प्रस्तुतियों से ऐतिहासिक बन गई। केरल की युवा शक्ति ने कथक नृत्य के माध्यम से भगवान गणेश के जन्म गाथा को जीवंत किया। वहीं नागपुर की सामूहिकता ने नृत्य प्रस्तुत किया। चंद्रपुर, यवतमाल और अमरावती की सामूहिकता द्वारा नृत्य की प्रस्तुतियां दी गई। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर की युवाशक्ति ने युवाओं को संदेश देनेवाली नाटिका की प्रस्तुति दी। इसी प्रकार भोपाल एवं विदिशा के बच्चों ने नाटक प्रस्तुत किया। उज्जैन और छिंदवाड़ा की सामूहिकता ने भी प्रस्तुतियां दी। सहज भजन गायन ख्यात गायम सुब्रमण्यम, दीपक वर्मा, महुआ मुखर्जी, राजेश यूनिवर्स, संदीप दलाल ने किया। शुक्रवार रात्रि 12 बजे लिंगा और छिंदवाड़ा स्थित जन्म स्थली पर केक काटा गया और श्री माताजी निर्मला देवी का 103 वां जन्म दिवस मनाया गया।
छिंदवाड़ा. जिला पाल धनगर समाज संगठन ने पिछले तीन वर्षों से एमएलबी स्कूल के सामने स्थित पार्क में मां अहिल्या बाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना की मांग लगातार की जा रही थी। जिस पर 17 मार्च 2026 को आयोजित नगर निगम की एमआईसी बैठक में सकारात्मक निर्णय लेते हुए प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई, नगर निगम द्वारा प्रतिमा स्थापना हेतु स्थान प्रस्तावित किए जाने के बाद समाज में उत्साह का माहौल है। इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए समाज के लोगों ने सांसद विवेक बंटी साहू एवं महापौर विक्रम अहाके का आभार व्यक्त किया इसी क्रम में पाल समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी महापौर विक्रम अहाके के निवास पर पहुंचे, जहां उन्होंने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका सम्मान किया और प्रतिमा स्थापना के लिए स्थान स्वीकृत कराने पर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष शशिकांत धनोरिया, जिला प्रभारी चेतराम पाल, संरक्षक रोशन लाल पाल, धनलाल लाल, कैलाश चंद्र पाल, रुपेश पाल, श्याम पाल, संतोष पाल सहित अन्य वरिष्ठजन शामिल रहे।
छिंदवाड़ा. भारतीय संस्कृति और गौरव के प्रतीक हिन्दू नववर्ष के पावन अवसर पर छिंदवाड़ा नगर में एक भव्य सांस्कृतिक एवं देशभक्तिपूर्ण संध्या का आयोजन होने जा रहा है। आगामी 23 मार्च सोमवार को नगर के पोला ग्राउंड में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक और प्रथम सरसंघचालक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन पर आधारित नाटक युग प्रवर्तक डॉ हेडगेवार का मंचन किया जाएगा। यह नाट्य मंचन सुप्रसिद्ध और अनुभवी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। नाटक के माध्यम से डॉ हेडगेवार के बाल्यकाल से लेकर राष्ट्र निर्माण के लिए उनके संघर्ष, जनसेवा के प्रति समर्पण और समाज को संगठित करने के उनके दूरदर्शी विचारों को सजीव रूप में पर्दे पर उतारा जाएगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत के महान सपूतों के जीवन दर्शन से अवगत कराना और उनमें राष्ट्रवाद की भावना का संचार करना है। नाटक 23 मार्च 2026 सोमवार को शाम सात बजे पोला ग्राउंड में आयोजित किया गया है।
छिंदवाड़ा. विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर शहर में समाजसेवियों ने स्थानीय पीजी कॉलेज परिसर में लगे पेड़ों पर मिट्टी के सकोरे टांगे। उनमें पानी भरकर पक्षियों के लिए पेयजल की व्यवस्था की। पर्यावरणविद विनोद तिवारी ने कहा कि सभी लोग पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। अब घर-आंगन में फुदकने वाली नन्ही गौरैया अब कम दिखाई दे रही है और विलुप्त होती नजर आ रही है। ऐसे में इनके संरक्षण के लिए घरों में बर्ड हाउस रखने की आवश्यकता है। जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने सम्बोधित किया। पर्यावरण मित्र डॉ. लता नागले ने विद्यार्थियों से अपने घरों, आंगन और गांव में पौधारोपण करने का आग्रह किया।
---------------
छोटा तालाब की सफाई का चला विशेष अभियान
छिंदवाड़ा. छोटा तालाब में जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रतीकात्मक शुभारंभ किया गया। प्रथम दिन छोटा तालाब में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। जिसमें तालाब में जमा कचरा एवं गाद को हटाया गया। कार्यक्रम में सहायक यंत्री विवेक चौहान, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मालवी, उपयंत्री शिवप्रसाद पंद्राम, स्वच्छता जोनल प्रभारी अनिल लोट सहित उद्यान विभाग एवं स्वच्छता विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।