छिंदवाड़ा

Politics: आखिरी सांस तक छिंदवाड़ा की विकास यात्रा जारी रखूंगा-कमलनाथ

बोरगांव व रामाकोना में कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित
2 min read
Politics: आखिरी सांस तक छिंदवाड़ा की विकास यात्रा जारी रखूंगा-कमलनाथ
Politics: आखिरी सांस तक छिंदवाड़ा की विकास यात्रा जारी रखूंगा-कमलनाथ

छिंदवाड़ा. सौंसर के बोरगांव व रामाकोना के मंगल भवन कार्यालय में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मेलन संपन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि छिंदवाड़ा की पहचान बनाने में मैंने अपनी जवानी समर्पित कर दी और मैं आखिरी सांस तक छिंदवाड़ा की विकास यात्रा जारी रखूंगा। आप सभी के सहयोग से विकास का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि 15 माह की सरकार में जिले के 80 हजार किसानों का कर्जा माफ हुआ, आगे भी होता पर हमारी सरकार नहीं रही। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को पारम्परिक खेती से इतर सोयाबीन और फिर मक्का की खेती के लिये प्रेरित किया, जिसका परिणाम सभी के सामने है। दोनों ही फसलों के उत्पादन में हमारा जिला अव्वल रहा और किसानों को अच्छी आय हो रही है। उन्होंने कहा कि मैंने केन्द्रीय भूतल परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री रहते हुए जिले में सडक़ों का विस्तार सिर्फ इसीलिए नहीं किया कि आवागमन सुगम होगा बल्कि इसीलिए भी की व्यापार के रास्ते खुलेंगे, स्थानीय उत्पादों को अन्य नगरों व महानगरों के बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। सडक़ों के निर्माण में किसी ने मिट्टी तो किसी ने गिट्टी का व्यापार किया तो किसी ने ठेका लिया। इस तरह आर्थिक गतिविधियां बढ़ी। सांसद नकुलनाथ ने कहा कि बोरगांव को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विभिन्न फैक्ट्रियों की स्थापना कराई। इन फैक्ट्रियों में हजारों लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ है। नंदेवानी, चिखली, भुम्मा मुंगनापार सहित अन्य क्षेत्रों में जलाशय का निर्माण पूर्व सीएम ने ही कराया है। सांसद ने आगे कहा कि विकास के कार्य आगे भी जारी रहेंगे। इस दौरान सौंसर विधायक विजय चौरे, ब्लॉक अध्यक्ष केशव, राजेन्द्र यमदे, विलाश जोगी सहित क्षेत्रीय अध्यक्ष, पर्यवेक्षक, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल व सभी विभाग व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


आज का दौरा कार्यक्रम
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 फरवरी को नेताद्वय सुबह 10.30 बजे छाबड़ी खुर्द स्टेडियम ग्राउंड (उमरेठ) में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में सम्मिलित होने के पश्चात दोपहर 11.45 बजे दमुआ टाउन वासरी ग्राउंड में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उपस्थित होने के उपरांत भोपाल प्रस्थान करेंगे।

Published on:
17 Feb 2024 03:07 pm