
छिंदवाड़ा. आसमान में छाए काले बादल सोमवार की शाम तूफानी बारिश के साथ ओलावृष्टि लेकर आए। इससे सडक़ों के किनारे बड़े पेड़ गिरकर बिखर गए। खेतों में लगी गेहूं, चना फसल तथा सब्जियां धराशायी हो गईं। मकान की दीवार गिरने की खबर भी आ रही है। प्रशासन ने इस नुकसान के सर्वेक्षण करने के आदेश जारी किए हैं।
मौसम विभाग की ओर से आसमान में बादल रहने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया था। शाम 5 बजे के बाद अचानक मौसम बदला। आंधी-तूफान के साथ चने के आकार के ओले बरसने शुरू हो गए। हवाओं के साथ बारिश की रफ्तार इतनी तेज थी कि शहर में सडक़ किनारे वाहनों पर चल रहे लोग संभल नहीं पाए। कुछ फिसल कर गिर पड़े। उन्हें किसी ठिकाने में शरण लेनी पड़ी। इस तूफानी बारिश से बिजली तार गिर गए। पूरे शहर की बिजली शाम 5.30 बजे से देर रात तक गुल रही। बिजली कर्मचारी सुधारते नजर आए। सबसे ज्यादा नुकसान की खबर खेतों में लगी गेहूं, चना समेत अन्य रबी फसलों की आ रही है। छिंदवाड़ा और मोहखेड़ के ग्रामीण इलाकों में जहां सब्जियां लगी थी, वहां भी ओलावृष्टि की मार पड़ी।
....
तूफानी बारिश और ओलावृष्टि से ये नुकसान
1.्रएसपी कार्यालय के सामने बिजली का तार गिरा।
2.नोनिया करबल में मकान पर इमली का पेड़ गिरा।
3. शिक्षक कॉलोनी क्षेत्र समेत शहर के अन्य इलाकों में बिजली बंद।
4.नागपुर रोड पर सडक़ किनारे जगह-जगह पेड़ गिरे दिखे।
5.वार्ड नं.2 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पार्क का सूखा पेड़ टूटकर मेन लाइन पर लटका।
....
वार्ड नंबर 15 के घरों में घुसा नालियों का पानी
तूफानी बारिश से वार्ड नंबर 15 के घरों में नालियों का पानी घुस गया। इससे अफरातफरी मची रही। इस वार्ड की गली नंबर 6 में नालिया बंद एवं टूटी हुई है। जिस पर नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने शिकायत करने पर भी ध्यान नहीं दिया। क्षेत्र की अनीता बारसकर, चेतना साहू, सचिन शुक्ला, शिल्पा आटे, सुनील बन्देवार, प्रीती रात्ताणी, श्यामा शुक्ला, अरुण साहू, किरीट राटाणी, पिंकी साहू आदि ने घरों में पानी भरने और निगम की अव्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की।
......
इनका कहना है..
तूफानी बारिश के साथ ओलावृष्टि से गेहूं समेत अन्य फसलों के नुकसान होने, पेड़ गिरने समेत अन्य जानकारी आई है। इसकी तस्दीक की जा रही है। प्रशासन ने पटवारियों को विस्तृत सर्वेक्षण करने के आदेश दिए हैं।
-केसी बोपचे, अपर कलेक्टर।