चूरू

राजस्थान निकाय चुनाव: चूरू में वोट डालने के 10 मिनट बाद 85 साल के व्यक्ति की मौत, घर लौटते समय बिगड़ी तबीयत

चूरू नगर पालिका के वार्ड-52 में 85 वर्षीय मोहनलाल रेगर व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचे थे। सुबह करीब 9 बजे वोट डालने के 10 मिनट बाद घर ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 9 Sep 2026, 3:34 PM IST
man dies after voting in churu
मतदान के बाद मोहनलाल रेगर को घर ले जाते हुए (पत्रिका फोटो)

Churu Municipal Elections 2026: चूरू नगर पालिका के वार्ड नंबर-52 में निकाय चुनाव के दौरान एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया। 85 साल के मोहनलाल रेगर बुधवार सुबह मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किए, लेकिन वोट डालने के करीब 10 मिनट बाद ही उनकी मौत हो गई। मोहनलाल व्हीलचेयर पर अपने परिजन के साथ मतदान केंद्र पहुंचे थे।

जानकारी के अनुसार, मोहनलाल सुबह करीब 9 बजे वार्ड-52 के मतदान केंद्र पर पहुंचे थे। परिजनों की मदद से उन्होंने वोट डाला। मतदान के बाद परिजन उन्हें व्हीलचेयर से घर ले जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने भी घटना पर दुख जताया।

सुबह से हो रहा मतदान

चूरू में निकाय चुनाव के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। शहर के 60 वार्डों में कुल 96,790 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर शहर की सरकार चुनेंगे। चुनाव के लिए कुल 106 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 60 वार्डों से कुल 201 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
चुनाव को लेकर सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर भीड़ बढ़ती गई। शांतिपूर्ण मतदान के लिए केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

चूरू में मतदाताओं का आंकड़ा

कुल मतदाता: 96,790
पुरुष मतदाता: 49,776
महिला मतदाता: 47,014
कुल वार्ड: 60
कुल मतदान केंद्र: 106
कुल उम्मीदवार: 201

वार्ड-36 में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प

चूरू शहर के वार्ड-36 में मतदान के दौरान दूसरे वार्ड के युवकों के मतदान केंद्र में आने को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मामूली झड़प हो गई। एक पक्ष के कार्यकर्ताओं ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर पक्षपात का आरोप लगाया। मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवाया।

वार्ड-55 में एजेंट का मोबाइल बजने पर हंगामा

वार्ड-55 के मतदान केंद्र के दाएं हिस्से में एक एजेंट का मोबाइल फोन बजने पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। इस दौरान केंद्र के बाहर मौजूद कुछ युवक भी अंदर पहुंच गए और शोर-शराबा होने लगा। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।

वार्ड-20 में मतदाता के साथ अंदर जाने पर विवाद

वार्ड-20 में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक मतदाता के साथ एक पक्ष के कार्यकर्ता के मतदान केंद्र में प्रवेश करने को लेकर विवाद हो गया। दूसरे पक्ष के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी भी आमने-सामने आ गए। मामला गरमाता देख मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस जाप्ते ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।

Updated on:
9 Sep 2026, 3:34 PM IST
Published on: