
Pakistan Cricket Team: इंग्लैंड दौरे पर तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले दो मुकाबले हारने के बाद पाकिस्तान टीम में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट ने बड़ा एक्शन लेते हुए इंग्लैंड दौरे पर गई टेस्ट टीम से तीन सीनियर खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है, जिसमें पूर्व व्हाइट-बॉल कप्तान सलमान अली आगा भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि टीम मैनेजमेंट ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से सलाह के बाद यह बड़ा फैसला लिया है। फिटनेस और फॉर्म के साथ कई अन्य वजह से खिलाड़ियों पर यह सख्ती की गई है।
बता दें कि पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड में जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से पीछे है। उसने पिछले छह टेस्ट में से पांच हार हैं। पाक टीम को एकमात्र जीत इस महीने की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली थी। क्रिकबज की रिपोर्ट में पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सलमान आगा के साथ मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक को भी रिलीज कर दिया गया है। इन तीनों का टेस्ट में अब तक का प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा है, जो मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के चक्र का हिस्सा है। भले ही पाकिस्तान पहले ही WTC फाइनल में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो चुका है।
टीम मैनेजमेंट ने बर्मिंघम में 9 सितंबर से शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए सैम अयूब और अब्दुल्ला फजल की वापसी कराई है। अगर यूके वीजा का इंतजाम समय पर हो जाता है, तो चार और खिलाड़ी तेज गेंदबाज रजाउल्लाह खान और मोहम्मद इमरान, लेफ्ट आर्म स्पिनर अराफात मिन्हास और विकेटकीपर रोहेल नजीर भी इंग्लैंड में टीम से जुड़ेंगे।
कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव हुआ है। व्हाइट-बॉल टीम संभाल रहे माइक हेसन को टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि न्यूजीलैंड के कोच पहले से ही इंग्लैंड में हैं और जल्द ही टीम से जुड़ सकते हैं। हेसन मौजूदा डब्ल्यूटीस चक्र के बाकी मैचों के लिए रेड बॉल टीम को कोचिंग देंगे। इस चक्र में पाकिस्तान की टीम को श्रीलंका और न्यूजीलैंड में दो-दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। मौजूदा टेस्ट कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को बाहर कर दिया गया है, हालांकि वे टीम के साथ ट्रैवल करते रहेंगे।