
नॉर्थ जोन के खिलाफ शतक जड़ने के बाद बल्ला उठाते तिलक वर्मा। (फोटो सोर्स: वीडियो स्क्रीन शॉट)
Duleep Trophy 2026 2nd Semi-Final Day 2 Highlights: दलीप ट्रॉफी 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला साउथ जोन ओर नॉर्थ जोन के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बेंगलुरु स्थित सेंट्रल ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-2 पर खेला जा रहा है। इस मुकाबले में दूसरे दिन स्टंप तक नॉर्थ जोन के खिलाफ साउथ जोन ने 90 रन की बढ़त हासिल करते हुए अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। साउथ के कप्तान तिलक वर्मा 106 रन पर नाबाद हैं। यह उनके प्रथम श्रेणी क्रिकेट का 8वां शतक है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी नॉर्थ जोन की टीम अपनी पहली पारी में महज 195 रन के स्कोर पर सिमट गई थी। टीम को पहला झटका 18 के स्कोर पर सनथ सांगवान (10) के रूप में लगा। इसके बाद कामरान इकबाल ने आयुष दोसेजा के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।
आयुष 5 चौकों के साथ 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम ने 95 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए। फिर कामरान ने कप्तान कन्हैया वाधवान के साथ 5वें विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी कर टीम को 150 के पार पहुंचाया। कन्हैया 3 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि कामरान ने 10 चौकों और 1 छक्के के साथ 76 रन बनाए।
साउथ जोन की ओर से विद्वथ कावेरप्पा ने 66 रन देकर 4 विकेट अपने नाम दर्ज किए। वहीं, एमडी निधीश और तनय त्यागराजन ने 2-2 विकेट चटकाए। जबकि कावूरी साईतेजा और श्रेयस गोपाल ने 1-1 विकेट मिला।
साउथ जोन ने दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक अपनी पहली पारी में कुल 94 ओवरों का सामना करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 285 रन बना लिए है। जबकि एक समय इस टीम ने 80 रन के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से तिलक वर्मा ने श्रेयस गोपाल के साथ छठे विकेट के लिए 334 गेंदों में 175 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 255 रन तक पहुंचाया।
श्रेयस गोपाल ने 11 चौकों के साथ 88 रन बनाए। कप्तान तिलक दूसरे दिन के खेल तक 7 चौकों के साथ 106 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, नॉर्थ की ओर से गुरनूर बरार ने 4 विकेट हासिल किए है। जबकि अर्शदीप सिंह और अंशुल कंबोज 2-2 विकेट ले चुके हैं।
Updated on:
31 Aug 2026 06:09 pm
Published on:
31 Aug 2026 06:09 pm
