
भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Photo - IANS)
Vaibhav Suryavanshi Sixes in 2026: दलीप ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में सेंट्रल जोन के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने 42 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। हालांकि, वह शतक से चूक गए और 92 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 7 ही छक्के लगाए। इन 7 छक्कों की बदौलत इस साल उनके छक्कों का आंकड़ा 161 तक पहुंच गया है। दुनिया में इस साल सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले बल्लेबाज भी सूर्यवंशी हैं और जो बल्लेबाज उनसे पीछे हैं, उनके 100 छक्के भी इस साल नहीं हुए हैं।
यही नहीं, वह अब तक इस साल 2022 रन बना चुके हैं। उन्होंने इस दौरान टीम इंडिया, इंडिया अंडर-19, इंडिया ए, राजस्थान रॉयल्स और दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए 41 मैचों की 41 पारियों में बल्लेबाजी की है। सूर्यवंशी ने इस दौरान 3 शतक और 14 अर्धशतक जमाए हैं। वह अब तक 179 चौके भी लगा चुके हैं।
इस साल सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की बात की जाए तो साउथ अफ्रीका के रायन रिकल्टन और न्यूजीलैंड के फिन एलन 99 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श 95 छक्कों के साथ चौथे और भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन 89 छक्कों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। अफगानिस्तान के रहमनुल्लाह गुरबाज छठे, वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन 7वें, न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट 8वें, कनाडा के करनबीर सिंह 9वें और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर 10वें स्थान पर हैं।
सेंट्रल जोन के खिलाफ दलीप ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल के दूसरे दिन वैभव सूर्यवंशी ने 92 रनों की आतिशी पारी खेली। उन्होंने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ शतकीय साझेदारी भी की और पहले विकेट के लिए 161 रन जोड़े। वैभव की पारी का अंत हर्ष दुबे ने किया। हर्ष की गेंद को बाउंड्री लाइन के पार पहुंचाने के प्रयास में वैभव अरशद खान को कैच दे बैठे।
सूर्यवंशी का क्वार्टरफाइनल मुकाबला खास नहीं रहा था। वह पहली पारी में सस्ते में आउट हो गए थे और दूसरी पारी में बल्लेबाजी की जरूरत नहीं पड़ी थी। हालांकि उन्होंने गेंद से कमाल का प्रदर्शन किया था और 2 विकेट भी चटकाए थे।
Updated on:
31 Aug 2026 01:55 pm
Published on:
31 Aug 2026 01:55 pm
