
India vs Sri Lanka Colombo Test: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो में खेला जा रहा है, जहां तीसरे दिन के लंच तक श्रीलंका ने चार विकेट गंवाकर 130 रन बना लिए थे। लंच से ठीक पहले प्रसिद्ध कृष्ण ने कमेंदु मेंडिस को 32 के स्कोर पर पवेलियन की राह दिखा दी। मेंडिस ने पसिंदू सूरियाबंडारा के साथ मिलकर श्रीलंकाई टीम को शुरुआती झटकों से उबार लिया था और एक बड़ी साझेदारी की ओर दोनों बढ़ रहे थे लेकिन शुभमन गिल की चाल ने चंल से ठीक पहले इस साझेदारी को तोड़ डाला।
श्रीलंका ने 35 रन पर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद से कमेंदु मेंडिस और पसिंदू सूरियाबंडारा ने मिलकर बेहतरीन साझेदारी की और श्रीलंका को 100 के पार पहुंचा दिया। खेल के तीसरे दिन कामिल मिशारा को प्रसिद्ध कृष्ण ने 19 के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। उसके बाद से मोहम्मद सिराज, मानव सुथार, सारांश जैन और रवींद्र जडेजा ने विकेट निकालने के लिए संघर्ष किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस साझेदारी को प्रसिद्ध कृष्ण ने ही तोड़ा।
लंच से ठीक पहले कप्तान शुभमन गिल ने रवींद्र जडेजा को हटाकर एक छोर से प्रसिद्ध कृष्ण को मोर्चे पर लगाया। इस ओवर में प्रसिद्ध कृष्ण ने साझेदारी को तोड़ दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर कमेंदु मेंडिस को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराकर पवेलियन की राह दिखा दी। मेंडिस ने तीन चौके और एक छक्का लगाया।
अब तक कृष्ण ने दूसरी पारी में 9 ओवर की गेंदबाजी की है, जिसमें उन्होंने 35 रन खर्च किए और तीन विकेट चटकाए हैं। वहीं, दूसरी ओर मोहम्मद सिराज को अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। इसके अलावा सारांश जैन और रवींद्र जडेजा की भी झोली खाली है। एक विकेट मानव सुथार को मिला था, जो खेल के दूसरे दिन आखिरी गेंद पर उन्होंने प्रभात जयसूर्या को एलबीडब्ल्यू करके हासिल किया था।
पहली पारी में भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 503 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी, जिसमें देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल के शतक शामिल थे। वहीं, कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। लंच तक श्रीलंका अभी भी भारतीय टीम की पहली पारी से 373 रन पीछे है।