
ACC Men's U19 Asia Cup 2026: क्रिकेट फैंस को अंडर-19 एशिया कप 2026 में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। दोनों देशों की युवा टीमें खिताब जीतने के इरादे से टूर्नामेंट में उतरी हैं। ऐसे में सेमीफाइनल मुकाबलों में भारत और पाकिस्तान की टीमें अपने-अपने मैच जीतने में सफल रहती हैं, तो फाइनल में दोनों के बीच महामुकाबला देखने को मिल सकता है।
आपको बता दें कि मेंस अंडर-19 एशिया कप का आयोजन ओमान में किया जा रहा है। टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। ग्रुप-ए से पाकिस्तान और भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि नेपाल और यूएई की टीमें बाहर हो गईं। वहीं, ग्रुप-बी से अफगानिस्तान और बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि श्रीलंका और मलेशिया का सफर समाप्त हो गया।
अंडर-19 एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में चार टीमें पहुंच चुकी हैं। 12 नवंबर को होने वाले पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना बांग्लादेश से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में भारत और अफगानिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी।
अगर भारतीय अंडर-19 टीम अफगानिस्तान को हराने में सफल रहती है, तो वह फाइनल में जगह बना लेगी। वहीं, पाकिस्तान की टीम भी बांग्लादेश को हराकर खिताबी मुकाबले में पहुंच सकती है। ऐसे में फाइनल एक बार फिर दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें आमने-सामने हो सकती हैं।
हालांकि, भारतीय टीम के लिए पाकिस्तान की चुनौती आसान नहीं होगी। इसी टूर्नामेंट के ग्रुप-ए मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को तीन विकेट से हराया था। ऐसे में अगर दोनों टीमें फाइनल में पहुंचती हैं, तो भारतीय टीम के पास पिछली हार का बदला लेने का शानदार मौका होगा।
अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला शनिवार, 14 नवंबर को खेला जाएगा। यह मैच ओमान के अल अमीरात स्थित ओमान क्रिकेट अकादमी ग्राउंड-2 में आयोजित होगा। भारतीय समयानुसार मुकाबला सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।
पाकिस्तान की टीम अंडर-19 एशिया कप की मौजूदा चैंपियन है। 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में भारतीय टीम के पास इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीतने और पिछली हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा।
वहीं, पाकिस्तान की टीम भी अपने खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। ऐसे में दोनों टीमों की नजरें फाइनल में जगह बनाने पर होंगी। अगर भारत और पाकिस्तान की टीमें अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीत लेती हैं, तो क्रिकेट प्रशंसकों को एक बार फिर दोनों देशों के बीच रोमांचक खिताबी भिड़ंत देखने को मिल सकती है।