IPL 2023 Auction : आईपीएल 2023 के मिनी ऑक्शन को शुरू होने में अब कुछ ही घंटे बाकी हैं। आईपीएल की सभी फ्रेंचाइजी टीमों का प्रमुख स्टॉफ खिलाड़ियों की लिस्ट के साथ कोच्चि पहुंच चुका है। इसी बीच यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड ध्वस्त हो सकता है। सबसे महंगे खिलाड़ियों की रेस में इस बार चार दिग्गज खिलाड़ी हैं, जिन्हें खरीदने के लिए फ्रेंचाइजी टीमें कितनी भी कीमत चुका सकती हैं।

ipl 2023 Auction Expensive Player List : आईपीएल 2023 के मिनी ऑक्शन का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। अब आईपीएल के मिनी ऑक्शन में कुछ ही घंटे शेष हैं। शुक्रवार 23 दिसंबर को दोपहर बाद 2.30 बजे से कोच्चि में मिनी ऑक्शन के आयोजन की शुरुआत होगी। आईपीएल की सभी 10 टीमों का प्रमुख स्टॉफ कोच्चि पहुंच चुका है। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट भी तैयार कर ली है कि वे कौन-कौन से खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए बोली लगाएंगे। इसी बीच यह संभावना भी जताई जा रही है कि इस बार आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड टूट जाएगा। सबसे महंगे खिलाड़ियों की रेस में विभिन्न देशों के चार खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें एक भारतीय भी है।
आईपीएल के इतिहास को देखें तो साउथ अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस ऑक्शन में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी रहे हैं। 2021 में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें मिनी ऑक्शन में 16.25 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा था। जबकि उससे पूर्व उन्हें आरसीबी ने 10 करोड़ रुपये में खरीदा था। आरसीबी के रिलीज करने के बाद वे ऑक्शन में शामिल हुए और राजस्थान रॉयल्स ने सबसे महंगी बोली लगाकर उन्हें टीम में शामिल किया। जबकि उनका बेस प्राइज महज 75 लाख रुपये था। 2021 के आईपीएल के बाद उन्होंने संन्यास ले लिया था।
युवराज सिंह और पैट कमिंस भी लगे थे बड़े दाव
क्रिस मॉरिस के बाद ऑक्शन में बिकने वाले दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी भारत के सिक्सर किंग युवराज सिंह है। युवराज सिंह को 2015 में दिल्ली कैपिटल ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए 14 मैचों में महज 248 रन ही बना सके। इसलिए दिल्ली ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने युवराज को 7 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2019 के बाद से युवराज सिंह आईपीएल नहीं खेल रहे हैं। वहीं, तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस हैं। 2020 के आईपीएल में केकेआर ने उन्हें 15.5 करोड़ रुपये में खरीदा था।
इन चार खिलाड़ियों के लिए बड़ी से बड़ी बोली लगा सकती हैं फ्रेंचाइजी
कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार के आईपीएल मिनी ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी का रिकॉर्ड टूट सकता है। इस बार मिनी ऑक्शन में चार ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें खरीदने के लिए फ्रेंचाइजी टीमें बड़ी से बड़ी बोली लगा सकती हैं। इन क्रिकेटरों में पहला नाम इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स का है, जिनका बेस प्राइज दो करोड़ रुपये है। वहीं, दूसरा नाम इंग्लैंड के दूसरे युवा ऑलराउंडर सैम करन का है। भारत के मयंक अग्रवाल भी इस रेस में शामिल हैं, जिनका बेस प्राइज एक करोड़ रुपये है। जबकि चौथा नाम न्यूजीलैंड के दिग्गज खिलाड़ी केन विलियमसन का है, जिनका बेस प्राइज दो करोड़ रुपये है।