क्रिकेट

PAK vs SL 1st Test: पाकिस्तान के तीन डेब्यूटेंट ने किया कमाल, 34 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी की

पाकिस्तान के तैयब आरिफ, मोहम्मद ताहा और अराफात मिन्हास ने अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक लगाकर 1992 के रिकॉर्ड की बराबरी की।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 10:03 PM IST
PAK vs SL 1st Test
पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद ताहा। (Photo- X/@cricbuzz)

Pakistan vs Sri Lanka:पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला रावलपिंडी में खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान के तीन युवा खिलाड़ियों ने टेस्ट क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन कर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया है।

दरअसल, पाकिस्तान के तैयब आरिफ, मोहम्मद ताहा और अराफात मिन्हास ने अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक लगाए। इसके साथ ही तीनों ने 34 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। टेस्ट क्रिकेट में यह दूसरा मौका है, जब एक ही पारी में तीन डेब्यूटेंट बल्लेबाजों ने 50 या उससे अधिक रन बनाए हैं।

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला सोमवार से शुरू हुआ। इस मैच में तैयब आरिफ को पाकिस्तान की ओर से टेस्ट डेब्यू का मौका मिला। उन्हें शनिवार को टीम में शामिल किया गया था। वह शुरुआती 14 सदस्यीय टीम का हिस्सा नहीं थे। तैयब ने अजान अवैस के साथ पारी की शुरुआत की। उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी की। तैयब ने केवल 51 गेंदों पर 57 रन बनाए। उनकी पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल रहा। इसके बाद 26 साल के ऑलराउंडर मोहम्मद ताहा ने भी अर्धशतक लगाया। उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की। ताहा ने 105 गेंदों पर 51 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने पांच चौके लगाए।

वहीं, अराफात मिन्हास ने मैच के दूसरे दिन (मंगलवार) यह सिलसिला जारी रखा। वह 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने 72 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली। उनकी पारी में नौ चौके और एक छक्का शामिल रहा। इस पारी की मदद से पाकिस्तान ने 400 रन का आंकड़ा पार किया।

1992 में पहली बार बना था यह रिकॉर्ड

टेस्ट क्रिकेट में इससे पहले ऐसा कारनामा 1992 में हुआ था। तब जिम्बाब्वे के तीन खिलाड़ियों ने भारत के खिलाफ अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में अर्धशतक लगाए थे। उस मैच में ग्रांट फ्लावर, डेव हॉटन और एंडी फ्लावर ने 50 से अधिक रन बनाए थे। जिम्बाब्वे के कप्तान डेव हॉटन ने 121 रन की शानदार पारी खेली थी। वहीं, ग्रांट फ्लावर ने 82 और एंडी फ्लावर ने 59 रन बनाए थे। अब पाकिस्तान के तीन युवा खिलाड़ियों ने भी यह उपलब्धि हासिल कर ली है।

Updated on:
10 Nov 2026, 10:03 PM IST
Published on: