देश की मशहूर मॉडल व बॉलीवुड की उभरती अभिनेत्री एंजल गुप्ता को हत्या मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।
नई दिल्ली। मशहूर मॉडल व बॉलीवुड की उभरती अभिनेत्री एंजल गुप्ता को हत्या मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। अभिनेत्री को दिल्ली के बवाना में सोमवार को हुए एक शिक्षिका के हत्या केस में गिरफ्तार किया गया है। आपको बता दें कि शिक्षिका हत्या प्रकरण में मृतक सुनीता के पति मंजीत और एंजल के मुंह बोले व्यापारी पिता राजीव गुप्ता को भी हिरासत में लिया गया है। मंजीत भी मॉडलिंग में अच्छा खासा नाम कमा चुका है।
पुलिस जानकारी के अनुसार मंजीत और एंजल का लंबे समय से प्रेम प्रंसग चल रहा था। अफेयर के चलते ही दोनों लगभग दो साल से रिलेशनशिप में थे। यहां तक कि दोनों ने घरवालों से छिपकर शादी कर ली थी, लेकिन मंजीत की पत्नी सुनीता दोनों के इस रिश्ते से काफी नाराज रहती थी। बताया जा रहा है कि सुनीता को दोनों के बीच संबंधों की जानकारी पहले ही लग चुकी थी। बावजूद इसके उसने इसका खुलासा नहीं किया और अपना दर्द अपनी पर्सनल डाइरी में लिखती रही। वहीं, पुलिस की पकड़ में आए मंजीत और एंजल पर आरोप है कि जब सुनीता खुलकर इस रिश्ते के विरोध में आ गई तो मंजीत-एंजल ने मिलकर उसकी हत्या का फैसला किया।
खबर मिली है कि इस घटना में एंजल के मुंहबोले पिता राजीव गुप्ता ने भी उनका पूरा साथ दिया। घटना को अंजाम देने का दिन करवाचौथ के तीन बाद चुना गया। पुलिस के अनुसार एंजल अब तक कई फिल्मी कलाकारों के साथ काम कर चुकी है। एंजल ने अभिनेता शक्ति कपूर के साथ आइटम नंबर ‘झुमका लिया बरेली से’ में काम किया था। आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को अज्ञात हमलावरों ने शिक्षिका की स्कूल जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, घटना सुबह आठ बजे के आसपास उस समय हुई जब बाइक पर सवार हमलावरों ने स्कूटी से स्कूल जा रही 41 वर्षीय शिक्षिका की स्कूटी को रोकते हुए हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया। मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई।