जनपद अध्यक्ष के लिए भाजपा विरुद्ध भाजपा, नारेबाजी के बाद टकराव की बनी स्थिति
दमोह/हटा. हटा में जनपद अध्यक्ष के लिए शुक्रवार को हुई निर्वाचन प्रक्रिया खींचतान के बीच संपन्न हो गई है। देवरी फतेहपुर से जनपद सदस्य गंगाराम पटेल नए जनपद अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। इसके पहले काफी ड्रामा प्रक्रिया के दौरान देखने मिले। जिसमें भाजपा विरुद्ध भाजपा के हालात देखने मिले। इधर, मतगणना में दोनों प्रत्याशियों को एक से मत मिलना, नारेबाजी, विरोध प्रदर्शन, टकराव भी इस दौरान देखने मिला। इस तरह पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। गंगाराम पटेल ने अध्यक्ष बनते ही जनसेवा को पहली प्राथमिकता बताया।
हटा जनपद परिसर में सुबह 11 बजे के पहले सभी व्यवस्थाएं प्रशासन ने बना ली थी। पीठासीन अधिकारी एसडीएम राकेश मरकाम रहे। सुबह 11 बजे ही सभी जनपद सदस्य जनपद पंचायत के सभागार में पहुंच गए। गैसाबाद जनपद सदस्य का पद रिक्त होने के कारण कुल 16 सदस्य पहुंचे। 11.30 तक गंगाराम पटेल, शैलेष पटेल, महेश्वर सिंह और अनुसुइया रानी ने फार्म भरे। संवीक्षा के बाद सभी फार्म सही पाए गए, लेकिन नाम वापसी में महेश्वर सिंह और अनुसुइया रानी ने नाम वापस ले लिया। इस तरह मैदान में केवल गंगाराम और शैलेष ही रह गए। इसके बाद जनपद सदस्यों ने मतदान किया। ढाई बजे हुई मतगणना में दोनों को एक समान 8-8 मत मिले। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों से सलाह के बाद पंचायती राज अधिनियम के प्रावधान के तहत दोनों की पर्ची डालकर ड्रॉ कराया गया। जिसमें बच्ची ने गंगाराम पटेल के नाम की पर्ची उठाई। इस तरह गंगाराम पटेल को जनपद अध्यक्ष के रूप में चयनित किया गया।
नवनिर्वाचित जनपद अध्यक्ष गंगाराम पटेल देवरी फतेहपुर क्षेत्र से निर्वाचित जनपद सदस्य है। जो पहली बार जनपद सदस्य बने थे, इसके पहले उनकी पत्नी यहां से सदस्य रहीं। पटेल भाजपा समर्थित है। गंगाराम पटेल ने कहा कि ईश्वर के आशीर्वाद से मौका मिला है। जनता की सेवा कर सफल बनाऊंगा। बताया गया कि उन्हें पूर्व जिपं अध्यक्ष शिवचरण पटेल ने नामांकित किया था। हालांकि, विधायक उमादेवी खटीक भी नतीजों के बाद उनके नाम पर ही चर्चा करती नजर आईं। वह तो यह तक कहती नजर आईं कि वह गंगाराम को निर्विरोध चयनित कराना चाहती थीं, लेकिन शिवचरण के चक्कर में चुनाव की स्थिति बन गई।