दतिया

आठवीं पास महिला नीम, आम, कटहल के दरख्तों से कर रही कमाई

जिले के छोटे से गांव मैंथाना पहुंज की आठवीं पास सुंदरी केवट ने सब्जियों की खेती से शुरुआत की। उनका उद्देश्य आजीविका चलाना था। धीरे-धीरे उन्होंने एक स्वयं सहायता समूह बना लिया और न केवल खुद पर्यावरण का महत्त्व समझा, बल्कि दूसरों को भी समझाना शुरू किया।

2 min read
Mar 20, 2022
आठवीं पास महिला नीम, आम, कटहल के दरख्तों से कर रही कमाई

दतिया. जब किसी काम की लगन और जज्बा हो, तो कोई भी काम असंभव नहीं है। जिले के छोटे से गांव मैंथाना पहुंज की आठवीं पास सुंदरी केवट ने सब्जियों की खेती से शुरुआत की। उनका उद्देश्य आजीविका चलाना था। धीरे-धीरे उन्होंने एक स्वयं सहायता समूह बना लिया और न केवल खुद पर्यावरण का महत्त्व समझा, बल्कि दूसरों को भी समझाना शुरू किया। अब वह नीम, आम, कटहल के दरख्तों से कमाई कर रही हैं और इलाके की कई महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं।

आजीविका का बन गए साधन
सुंदरी के लगाए पौधे बड़े हो गए हैं और न केवल आजीविका का साधन बन गए हैं बल्कि पर्यावरण को शुद्ध करने में महती भूमिका निभा रहे हैं। यही नहीं, इस काम में सुंदरी ने न केवल खुद को सक्षम बनाया बल्कि जो भी महिलाएं संपर्क में आती गईं, उनको इस लायक बना दिया कि वे भी अब पेड़-पौधे लगाकर पर्यावरण शुद्ध कर रही हैं और उसी से आजीविका का रास्ता निकाल रही हैं। ऐसा होने से इन महिलाओं में आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

100 से ज्यादा खड़े हैं पेड़
बकौल सुंदरी केवट खेती का काम उनका पैतृक है। सास-ससुर भी खेती करते थे, लेकिन शादी के बाद जैसे ही वह ससुराल पहुंचीं तो उन्होंने इस काम में हिस्सा लेना शुरू किया। फिर ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ीं। अपना स्वयं सहायता समूह तैयार किया। तीन साल पहले बनाए गए समूह के बाद उन्होंने अब 50 से ज्यादा महिलाओं को जोड़ लिया है।

पांच बीघा जमीन में कर रही सपनों को साकार
सुंदरी केवट के पास केवल 5 बीघा जमीन है। इसी में से 2 बीघा में गेहूं, चना इत्यादि की खेती कर लेती हैं ताकि खाने-पीने का इंतजाम हो। बाकी तीन बीघा में पेड़-पौधे, सब्जियां लगा रही हैं, जो कमाई का जरिया बन रहे हैं।

Published on:
20 Mar 2022 04:05 pm
Also Read
View All