दतिया

पटवारी फार्म हाउस पर चली जेसीबी, एक हेक्टेयर सरकारी जमीन कराई मुक्त

हाईवे के पास कर रखा था पूर्व पटवारी ने कब्जा

less than 1 minute read
Jan 21, 2020
अतिक्रमण कर जमीन पर उगाई फसल को जेसीबी चलाकर किया जा रहा नष्ट।

जिगना/दतिया. लंबे समय से ग्वालियर-झांसी हाईवे के पास सरकारी जमीन पर कब्जे वाली जमीन पर मंगलवार की शाम जेसीबी चल गई। हफ्तेभर पहले नोटिस देने के बाद भी कब्जा न हटाने पर एंटी माफिया सेल ने कार्रवाई करते हुए न केवल सरकारी जमीन में बने पटवारी फार्म हाउस पर बने कस्तूरी मैरिज गार्डन का दरवाजा जमींदोज कर दिया, बल्कि सरकारी जमीन पर खड़ी फसल को भी नष्ट कर दिया।
एंटी माफिया सेल अब सक्रिय हो गई है। इंदरगढ़ में सोमवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद मंगलवार की शाम बड़ौनी तहसीलदार व एंटी माफिया सेल के सदस्य गोविंद सिंह ठाकुर व दतिया तहसीलदार एसके त्रिपाठी की टीम जेसीबी व लेबर लेकर जा पहुंची। पटवारी फार्म हाउस के नाम से जानी जाने वाली इस एक हेक्टेयर जमीन पर पूर्व में रह चुके पटवारी राकेश गुप्ता ने कब्जा कर रखा था। इस पर गेहूं की फसल बो रखी थी। साथ ही मैरिज गार्डन का मुख्य दरवाजा भी सरकारी जमीन में ही बना रखा था। बताया जा रहा है कि पूर्व पटवारी ने मैरिज गार्डन तो निजी भूमि पर बना रखा था पर उसके बगल वाली जमीन को घेर रखा था। वहां वर्षों से खेती कराई जा रही थी। मौके पर पहुंची टीम ने कब्जे वाली जमीन में रखी पानी की टंकी भी हटवाई। ग्वालियर-झांसी हाईवे (फोरलेन) के किनारे होने के कारण यूं तो इस जमीन की कीमत करोड़ों में है पर गोविंदपुर मौजे में होने व कृषि भूमि होने के कारण सरकारी गाइड लाइन के मुताबिक इस जमीन की कीमत दस लाख रुपए बताई गई है।

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वाले पूर्व पटवारी राकेश गुप्ता के फार्महाउस से सटी जमीन को कब्जा मुक्त कराया है। पूर्व में राकेश को नोटिस दिया जा चुका है फिर भी कब्जा नहीं हटाया था।
गोविंद सिंह ठाकुर, तहसीलदार, बड़ौनी

Published on:
21 Jan 2020 11:16 pm
Also Read
View All