जिले में शुक्रवार को भी जारी रहा बारिश का दौर, जिले में अब तक 431.8 एमएम बारिश
बारिश जारी, माताटीला बांध के 15 गेट खोले, जलस्तर बढ़ा
दतिया। जिले में शुक्रवार को दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी रहा। सुबह तेज बारिश के बाद दिन में कभी फुहार पड़ी तो कभी हल्की बारिश हुई। दो दिन से हो रही लगातार बारिश के बाद माताटीला बांध के 15 गेट खोले गए हैं। बांध के गेट खुलने के बाद बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
जिले में अब तक 431.8 मिलीमीटर औसत वारिश दर्ज हो चुकी है। ्रजिले के साथ शहर में बुधवार की रात से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार की दोपहर तक जारी रहा। लगातार बारिश से नदी, नाले उफान पर आ गए हैं। हालांकि बारिश से कुछ किसानों को लाभ हुआ है तो कुछ किसानों की फसल खराब हुई है। बारिश से सब्जी का उत्पादन करने वाले किसानों को जलभराव से नुकसान होगा। वहीं बारिश से उमस व गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है। शुक्रवार को सुबह से ही बारिश होने से मौसम ठंडा रहा और पूरे दिन बादल छाए रहे। शहर में 39.5 एम एम बारिश
भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान पर शुक्रवार को शहर में 39.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि शहर में दोपहर बजे तक बाद बारिश रिकॉर्ड नहीं हुई।
जिले में 5.5 एमएम बारिश
अधीक्षक भू अभिलेख कार्यालय के अनुसार जिले में अब तक 431.8 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज हो चुकी है। जबकि गत वर्ष इस अवधि में जिले में कुल 262 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज हुई थी। शुक्रवार को जिले में 5.5 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई। जिसमें दतिया तहसील क्षेत्र में 04 मिलीमीटर, सेंवढ़ा में 03 मिलीमीटर, भांडेर में 10 मिलीमीटर और इंदरगढ़ में 05 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 870.8 मिलीमीटर है।
बेतवा में छोड़ा 35 हजार क्सूसेक पानी
लगातार बारिश के बाद माताटीला बांध में जलस्तर बढ़ाने के बाद बांध के 15 गेट दो फीट तक खोले गए हैं। बांध के गेट शुक्रवार को सुबह करीब चार बजे खोले गए। माताटीला बांध से बेतवा नदी में 35 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। नदी में 35 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया है। उल्लेखनीय है कि माताटीला बांध में कुल 23 गेट हैं। बांध की कुल भराव क्षमता 641.6 एमसीएम यानि 10 लाख घनमीटर है।
नदी किनारे न जाने की अपील
जिले में निकली बेतवा, पहूज और सिंध नदी का जलस्तर बढऩे के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी के पास जानवर न भेजने तथा खुद भी लांच, रतनगढ़ व सनकुआ के बहाव के पास न जाने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से सनकुआ का छोटा पुल पार न करने की भी अपील की है।