देहरादून

एलपीजी की नई गाइडलाइन : शादी में सिलेंडर के लिए 10 दिन पहले करें आवेदन, ये दस्तावेज जरूरी

New LPG Guidelines : शादी समारोह के लिए गैस सिलेंडर बुकिंग की नई गाइडलाइन जारी कर दी गई है। नये नियमों के तहत अब शादी से 10 दिन पहले ही गैस बुकिंग अनिवार्य कर दी गई है। साथ ही खाद्यपूर्ति कार्यालय में शादी का निमंत्रण कार्ड और आधार कार्ड जमा कराने का प्रावधान भी लागू कर दिया गया है।

2 min read
Apr 07, 2026
देहरादून में शादी के लिए गैस सिलेंडर सप्लाई की नई गाइडलाइन जारी कर दी गई है

New LPG Guidelines :ईरान-अमेरिका-इजराइल युद्ध के कारण एलपीजी संकट गहराता जा रहा है। देहरादून में भी एलपीजी का बैकलॉग हजारों में पहुंच गया है। इसी को देखते हुए डीएम ने नई गाइडलाइन जारी की है। शादी के लिए एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के कायदे बदल गए हैं। शादी के लिए गैस सिलेंडर चाहिए तो समारोह से 10 दिन पहले आवेदन करना पड़ेगा। आवेदन जिला पूर्ति कार्यालय, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी पूर्ति तथा खाद्य निरीक्षक कार्यालय में किया जाएगा। आवेदन के लिए 10 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र देना होगा। इसके साथ शादी का कार्ड और आधार कार्ड संलग्न करना आवश्यक है। देहरादून के डीएम सविन बंसल की ओर से सोमवार को इस बाबत आदेश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद संबंधित गैस एजेंसी के माध्यम से अधिकतम दो व्यावसायिक सिलेंडर दिए जाएंगे। सिलेंडर अस्थायी रूप से दिए जाएंगे, जिन्हें उपयोग के बाद एजेंसी में जमा कराना होगा। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 75 आवेदन पत्र मिले हैं। गैस एजेंसियों को 10 प्रतिशत व्यावसायिक सिलेंडर स्टॉक में रखने के लिए कहा गया है।इधर, दून के डीएसओ कैलाश अग्रवाल के मुताबिक, शादियों के लिए एसओपी के आधार पर केवल दो सिलेंडर ही दिए जाएंगे। इस संबंध में जिलाधिकारी की ओर से आदेश मिल चुके हैं। शादियों के लिए सिलेंडर का कोटा नहीं बढ़ाया जाएगा।

शादियों के लिए दो ही गैस सिलेंडर मिलेंगे

शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। प्रशासन ने साफ किया है कि शादी के लिए केवल दो ही सिलेंडर दिए जाएंगे। इस संबंध में डीएम ने आदेश जारी किए हैं। सोमवार को रायपुर, बंजारावाला, नेहरूग्राम समेत विभिन्न क्षेत्रों के लोग जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। स्थानीय निवासी गजेंद्र भंडारी ने बताया कि शादी के लिए दो सिलेंडर कम हैं। उनकी मांग है कि शादी के लिए दो से अधिक सिलेंडर दिए जाएं। बैंक कर्मी रोहित बिष्ट ने कहा, कम से कम पांच सिलेंडर दिए जाएं।

इन्हें मिलेगा पांच किलो का सिलेंडर

देहरादून में रसोई सिलेंडर का बैकलॉग लगातार बढ़ता जा रहा है। डीएम के मुताबिक छोटे दुकानदारों, विद्यार्थियों और श्रमिकों को गैस की परेशानी न हो, इसके लिए एजेंसियों को पांच किलो का सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। तेल कंपनियों को अधिक से अधिक व्यावसायिक सिलेंडर और पांच किलो के गैस सिलेंडर एजेंसियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शादी के लिए गैस सिलेंडर लेने के लिए लोग जल्द से जल्द आवेदन करें।

कार्यालय में जुटी भीड़

एलपीजी संकट के बीच इन दिनों पूर्ति विभाग के ऑफिस में भी लोगों की भीड़ लग रही है। लोग सिलेंडर नहीं मिलने, बुकिंग न होने जैसी समस्याओं को लेकर कार्यालय पहुंच रहे हैं। शादियों के लिए सिलेंडर लेने को शादी का कार्ड, आधार कार्ड आदि की जानकारी देनी होगी।

Updated on:
07 Apr 2026 10:17 am
Published on:
07 Apr 2026 10:16 am
Also Read
View All