7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दो पश्चिमी विक्षोभ हुए सक्रिय : जेट स्ट्रीम पर बढ़ा दबाव, उत्तराखंड  में अगले 48 घंटे बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी

Weather Alert : दो-दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और जेट स्ट्रीम यानी हवा की नदियों के काफी नीचे बहने से मौसम चक्र गड़बड़ा गया है। मौसम विभाग ने आज और कल उत्तराखंड के सभी जिलों में झमाझम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। आईएमडी ने आज से अगले दो दिन राज्य के विभिन्न जिलों में अंधड़, ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

2 min read
Google source verification
Due to the activation of Western Disturbance, an alert has been issued for rain, hailstorm, storm and snowfall in Uttarakhand today and tomorrow

उत्तराखंड में आज और कल मौसम विकराल रूप दिखा सकता है

Weather Alert : अप्रैल में मौसम ने ठंडक बढ़ा दी है। वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिम से चलने वाली जेट स्ट्रीम (हवा की नदियों) के काफी नीचे बहने के चलते मौसम का मिजाज बदला है। हवा की नदियां धरती से काफी करीब से गुजर रही हैं। इससे समूचे उत्तर भारत में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। उत्तराखंड सहित अन्य पहाड़ी इलाकों में अप्रैल में बर्फबारी लोगों को हैरान कर रही है। वहीं दूसरी ओर दो-दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम आज से और भी भयानक रूप दिखा रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक आज और कल राज्य के सभी जिलों में बारिश के आसार हैं। आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, यूएस नगर, हरिद्वार और उत्तरकाशी जिले में कहीं-कहीं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली कड़कने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार तक के तेज अंधड़ चलने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आज राज्य के शेष जिलों में भी कहीं-कहीं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज अंधड़ चलने का यलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग ने कल के लिए भी देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और यूएस नगर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

सीजन हो रहा शिफ्ट

मौसम के बदलते व्यवहार से वैज्ञानिक हैरान हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अप्रैल में इस प्रकार की मौसमी घटनाएं सामान्यत: नहीं होती थी। अप्रैल में कई मैदानी इलाकों में लू का भी प्रकोप देखने को मिलता था। लेकिन इस बार जेट स्ट्रीम काफी नीचे बहने और लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण झमाझम बारिश हो रही है। ऊंचाई वाले इलाकों में अप्रैल में बर्फबारी हो रही है। इसके कारण उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में अप्रैल में भी सर्दियों का मौसम जारी है। मौमस विभाग ने आज और कल भी उत्तराखंड में 3000 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। कई वैज्ञानिक मौसम की इस प्रवृति को सीजन शिफ्टिंग का भी नाम दे रहे हैं।

13 अप्रैल तक बारिश का दौर

मौसम आने वाले दिनों में लगतार  तल्खी दिखा सकता है। मौसम विभाग ने सात और आठ अप्रैल को पूरे उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट जारी किया है। नौ अप्रैल को भी यूएस नगर और हरिद्वार छोड़ राज्य के शेष सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। साथ ही विभिन्न इलाकों में आकाशीय बिजली कड़कने और तेज अंधड़ चलने का यलो अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में 13 अप्रैल तक बारिश का दौर चलता रहेगा। इससे तापमान में और भी गिरावट आने की संभावना है।