देहरादून

एक अप्रैल से शराब की 55 नई दुकानें खोलेगी सरकार, 65 करोड़ का मिलेगा राजस्व, लॉटरी से होगा आवंटन

Preparation Of Excise Department : सरकार नए वित्तीय वर्ष में विभिन्न इलाकों में शराब की 55 नई दुकानें खोलने की तैयारी कर रही है। नए ठेके खुलने से सरकार को करीब 65 करोड़ तक राजस्व मिलेगा। इन दुकानों के आवंटन के लिए लॉटरी प्रक्रिया की तैयारी शुरू कर दी गई है।

2 min read
Mar 19, 2026
कुमाऊं मंडल में एक अप्रैल से शराब की 55 नई दुकानें खुलेंगी

Preparation Of Excise Department : शराब शौकीनों के लिए सरकार 55 नए ठेके खोलने की तैयारी में है। उत्तराखंड आबकारी विभाग ने राजस्व के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए कुमाऊं मंडल में शराब की दुकानों के नेटवर्क को विस्तार देने की तैयारी पूरी कर ली है। नए वित्तीय वर्ष में कुमाऊं के अलग-अलग जिलों में देशी और अंग्रेजी शराब की कुल 55 नई दुकानें खोली जाएंगी। विभाग इन दुकानों के आवंटन के लिए लॉटरी की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटा है। शराब की नई दुकानें केवल उन्हीं स्थानों पर खुलेंगी जहां पार्किंग की समुचित व्यवस्था होगी, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित नहीं हो। इस कवायद से सरकारी खजाना भरने की उम्मीद है। नए ठेकों के स्थानों को लेकर स्थानीय स्तर पर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। सबसे अधिक 23 नई दुकानें ऊधमसिंह नगर जिले में खोली जाएंगीं। वहीं, सीमांत जिले पिथौरागढ़ जिले में 14, नैनीताल में आठ और चम्पावत में चार नई दुकानें खुलेंगीं। विभाग ने नई दुकानों से करीब 60- 65 करोड़ का राजस्व मिलने का लक्ष्य तय किया है। आबकारी विभाग के संयुक्त आयुक्त केके कांडपाल के मुताबिक कुमाऊं में देशी-विदेशी मदिरा की 55 नई दुकानें खोली जा रही हैं। यह दुकानें एक अप्रैल से शुरू हो जाएंगी। दुकानों को खोलते समय आबकारी के सभी नियमों का ध्यान रखा जाएगा।

नैनीताल में यहां खुलेंगे ठेके

शराब की नई दुकानें खोलने के लिए आबकारी विभाग ने खाका तैयार कर लिया है। नैनीताल जिले में अंग्रेजी शराब की आठ नई दुकानों के लिए मार्ग चिह्नित कर लिए गए हैं। आबकारी विभाग के अनुसार, अंग्रेजी शराब के लिए बजून-कालाढूंगी मार्ग, रामनगर-काशीपुर मार्ग, पंचायत घर-गन्ना मोट मार्ग, ढिकुली-मोहान और रातीघाट को चुना गया है। वहीं, देशी शराब की दुकानें गौलापार-चोरगलिया रोड, बजून-कालाढूंगी और मालधन रोड पर खुलेंगी। जल्द ही कुमाऊं की 55 नई शराब की दुकानों की लॉटरी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उसके बाद नई दुकानें अस्तित्व में आ जाएंगी।

रातीघाट में विरोध शुरू

शराब की नई दुकानें खोलने का विरोध भी शुरू हो चुका है। नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक के रातीघाट क्षेत्र में प्रस्तावित शराब की दुकान का विरोध तेज हो गया है। ब्लॉक प्रमुख अंकित साह के नेतृत्व में बुधवार को जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नैनीताल विधायक सरिता आर्य की मौजूदगी में एसडीएम मोनिका के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजा।कहा कि रातीघाट क्षेत्र धार्मिक और शैक्षिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। यहां से कुछ दूरी पर प्रसिद्ध कैंची धाम स्थित है, साथ ही आसपास विद्यालय और आवासीय बस्तियां हैं। ऐसे में शराब की दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल बिगड़ने के साथ महिलाओं, बच्चों और विद्यार्थियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। यह भी आशंका जताई कि दुकान खुलने से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ेंगीं। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Published on:
19 Mar 2026 07:37 am
Also Read
View All

अगली खबर