धमतरी

पीएम आवास योजना का ऐसा बुराहाल, खुले आसमान के नीचे आया परिवार

किश्त की राशि समय पर नहीं मिलने से कई मकानों का काम रूक गया जनधन के खाते में गलत नंबर बताने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है।

2 min read
May 02, 2018

धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना का बुराहाल है। किश्त की राशि समय पर नहीं मिलने से कई मकानों का काम रूक गया है। सूत्रों के अनुसार जनधन के खाते में गलत नंबर बताने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। ऐसे में हितग्राहियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को उनके कच्चे मकान को पक्का बनाने के लिए 2.30 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि सीधे हितग्राहियों के खाते में किश्तों में मिलती है। निगम सूत्रों के मुताबिक मोर जमीन मोर आवास (बीएलसी) योजना के तहत शहर में 604 पीएम आवास स्वीकृत किया गया है। करीब 8 करोड़ 50 लाख की इस योजना के तहत 270 आवास निर्माण का काम शुरू किया गया था। इनमें से अब तक 28 आवास का काम ही पूरा हो सका है।

गौरतलब है कि आवास निर्माण के काम में शुरूआती दौर में पहली और दूसरी किश्त की राशि खाते में जल्द डाल दी गई, लेकिन तीसरी किश्त की राशि समय पर नहीं मिलने से आज 150 सौ से ज्यादा मकानों का काम अटक गया है।

खुले में आया परिवार

शांति कालोनी चौक निवासी महिला कचंन बाई ध्रुव, विष्णु राम का परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। निगम अधिकारियों के कहने पर उन्होंने अपना मकान तोड़ दिया। महीना बीतने के बाद भी पहली किश्त नहीं मिली। सामने बारिश का मौसम हैं, जिसे लेकर पूरा परिवार परेशान है।

पीएम आवास की कछुआ चाल से शहर में आज कई हितग्राहियों को किराए के मकान में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मकेश्वर वार्ड गौरा चौक निवासी मानबाई/कृष्णा ने बताया कि प्रथम किश्त मिलने के बाद उन्होंने अपने कच्चे मकान को तोड़ दिया। अब उन्हें किराए के मकान में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। इसी तरह महंत घासीदास वार्ड निवासी सुशीला बाई यादव, किरण शर्मा का मकान अधर में लटक गया। लेंटर लेबल पर आने के बाद भी दो महीने से काम बंद पड़ा है।

हितग्राही बूढ़ान राम ध्रुव, ने बताया पीएम आवास के लिए उन्होंने झोपड़ी तोड़ दी है, लेकिन अब तक किश्त की राशि नहीं मिली है। पैसों के अभाव में अब तक नींव तक नहीं निकली है। सामने बारिश है, ऐसे में उनकी परेशानी बढ़ गई है।


हितग्राही उदयराम यादव, ने कहा किश्त नहीं मिलने से छज्जा लेंटर के बाद का काम बंद हो गया है। पिछले एक महीने से मैं निगम अधिकारियों का चक्कर काट रहा हंू। आश्वासन के सिवाए कुछ नहीं मिला।


एई ननि हिमांशु देशमुख, ने कहा प्रधानमंत्री आवास योजना का काम तेजी से चल रहा है। तकनीकी खराबी के चलते कुुछ हितग्राहियों के खाते में समय पर राशि नहीं गई। यह खामी जल्द दूर कर ली जाएगी।

ये भी पढ़ें

PM avaas news: पीएम आवास योजना की किस्त अटकी, टूट रहा गरीबों का सपना, ९ से अधिक घरों का निर्माण कार्य लम्बे समय से अटका
Published on:
02 May 2018 10:54 am
Also Read
View All