
धमतरी. छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस विशेष सर्चिंग अभियान चला रही है। शनिवार को बोराई पुलिस वन विभाग के बेरियर में तैनात होकर वाहनों की चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी अचानक तेज रफ़्तार से आ रही भारत सरकार की गाड़ी को देखकर पुलिस भी सतर्क हो गई। तेज रफ़्तार के कारण पुलिस को शक हुआ और गाड़ी को रोकने की कोशिश की लेकिन ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस जब गाड़ी का पीछा कर तलाशी की तो गाड़ी में लाखों का सामान देख सभी दंग रह गए।
यह मामला धमतरी जिले का है। उल्लेखनीय है कि आसन्न विधानसभा चुनाव के मद़देनजर इन दिनों जिला पुलिस मुख्यालय द्वारा सीमा क्षेत्रों को सील कर विशेष सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को बोराई पुलिस वन विभाग के बेरियर में तैनात होकर वाहनों की चेकिंग अभियान चला रही थी, इस बीच उड़ीसा के रास्ते एक सफेद रंग की टाटा सफारी क्रमांक यूपी 85 बीएफ-0022 बड़ी तेज गति से आती दिखी। वाहन की स्पीड को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई और उसे रोकने की कोशिश की।
इस बीच चालक वाहन रोकने के बजाए पुलिस को चमका देकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन किसी तरह पीछा कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। भारत सरकार लिखी टाटा सफारी से पुलिस ने करीब 3 लाख 20 हजार कीमत का 64 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि यह गांजा उड़ीसा के रास्ते यूपी ले जाया जा रहा था। पुलिस ने गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
बोराई टीआई नोहर सिंह मंडावी ने बताया कि तस्कर गौरव कुमार (22) पिता धीरज कुमार तालनगर गोंड़ा अलीगढ़ तथा मोहन कुमार (25) पिता उमेश गौतम हरि नगर मथुरा उत्तर प्रदेश के खिलाफ धारा 20-ख एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर दोंनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि टाटा सफारी में दो युवक बैठे थे। उन्हें उतार कर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो डिक्की में 64 किग्रा गांजा मिला। जब्त गांजे की कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है। इसके बाद तत्काल दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ में बताया कि वे दोनों यह गांजा उत्तर प्रदेश ले रहे थे।