धमतरी

त्यौहारी सीजन में बैंकों मे बढ़ रही उपभोक्ताओं की संख्या, कैश की हो रही किल्लत

बैंकोंं में रकम निकासी करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में अचानक वृद्धि हो गई है।
2 min read
Oct 23, 2018
bank news
त्यौहारी सीजन में बैंकों मे बढ़ रही उपभोक्ताओं की संख्या, कैश की हो रही किल्लत

धमतरी. नवरात्र के बाद से बैंकोंं में रकम निकासी करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या में अचानक वृद्धि हो गई है। सूत्रोंं की मानें तो जिले के बैंकों में प्रतिदिन ६ सौ करोड़ से ज्यादा का लेन-देन हो रहा है, जिसके चलते कई बैंकों मेंं रकम की किल्लत हो गई। ऐसे में दीवाली त्यौहार को देखते हुए जिले के 27 बैंक प्रबंधकोंं ने आरबीआई को 5 सौ करोड़ रूपए की डिमांड भेजी है।

उल्लेखनीय है कि दीवाली त्यौहार के नजदीक आते ही जिले के विभिन्न बैंकोंं में एक बार फिर रौकन लौट आई है। बैंक प्रबंधक भी अपने उपभोक्ताओं को लाभ दिलाने के लिए कई आकर्षक स्कीम चला रहे है, जिसके चलते बैंकोंं मेंं ग्राहकों की अचानक भीड़ बढ़ गई है। सूत्रों की मानें तो सामान्य दिनों की अपेक्षा वर्तमान में प्रतिदिन अलग-अलग बैंकों में 5 सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार हो रहा है। इसी तरह निकासी की सीमा भी बढक़र ६ सौ करोड़ तक पहुंच गई है। ऐसे मेंं कई बैंको में रकम की किल्लत बनी हुई है।

ग्राहकों की भीड़ और निकासी की सीमा को देखते हुए जिले के 27 बैंक के सभी 93 बैंक शाखाओं ने एक सर्वे के बाद आरबीआई को 5 करोड़ रूपए का डिमांड भेजा है, जिसमेंं 2 हजार, 5 सौ, 2 सौ 100 के नोट शामिल है। बताया गया है कि आरबीआई ने भी इसे स्वीकार कर लिया है। संभवत: 25 अक्टूबर तक रकम की सप्लाई कर दी जाएगी। ग्राहक प्रहलाद उइके, किरण सोनबेर ने बताया कि इन दिनोंं बैंकोंं मेंं भीड़-भाड़ होने से रकम निकासी के लिए उन्हें घंटों कतार मेंं खड़ा होना पड़ रहा है।

पेंशनरों का रखा जाएगा ध्यान

बैंक सूत्रों के अनुसार इस बार त्यौहारी सीजन को देखते हुए जिले के सभी बैंकोंं में वरिष्ठ नागरिक और पेंशनरों के लिए रकम निकालने के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। नवंबर के पहले सप्ताह से ही उन्हें यह सुविधा मिलना शुरू हो जाएगा।

लीड बैंक अधिकारी, अमित रंजन ने बताया दीपावली का त्यौहार नजदीक होने से बैंकों मेंं रकम निकासी की सीमा अचानक बढ़ गई है। इसे देखते हुए बैंक प्रंबंधकों ने आरबीआई से रकम की डिमांड किया है।

Published on:
23 Oct 2018 10:00 pm