धमतरी

CG News: धमतरी का यह मिली बांध टूटा, अरबों लीटर पानी बर्बाद, गांव में मची अफरा-तफरी

CG Newsबांध का पानी जंगल से होते हुए नागदेव नाला में जा रहा है। यदि नाला उफनता है तो आसपास गांव के खेतों तक पानी पहुंचेगा। किसानों को भारी नुकसान हो सकता है।
2 min read
Nov 03, 2025
CG News: धमतरी का यह मिली बांध टूटा, अरबों लीटर पानी बर्बाद, गांव में मची अफरा-तफरी
रविवार सुबह बंड टूटा और अरबों लीटर पानी बह गय (Photo Patrika)

CG News: धमतरी जिले के मगरलोड ब्लाक में स्थित राजाडेरा मिनी बांध रविवार सुबह अचानक फूट गया। बांध के एक छोर में स्थित बंड का बड़ा हिस्सा टूट गया, जिससे बांध में स्टोर अरबो लीटर पानी बह गया। बांध फूटने का कारण अधिकारी पाइपिंग फेलियर को बता रहे हैं। सुबह जैसे ही यह घटना हुई तो बांध से लगे गांवों में अफरा-तफरी मच गई थी। बांध का पानी जंगल से होते हुए नागदेव नाला में जा रहा है। यदि नाला उफनता है तो आसपास गांव के खेतों तक पानी पहुंचेगा। किसानों को भारी नुकसान हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि राजाडेरा बांध शुरू से विवादों में रहा। भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे। बांध का निर्माण कई हिस्सों में हुआ है। निर्माण के बाद ही बांध के एक हिस्से के चट्टान में दरारें आ गई थी। 10 से 12 वर्ष पूर्व इसकी मरम्मत भी कराई गई थी। कई भाग में निर्माण के चलते इसकी वास्तविक लागत भी सिंचाई विभाग के पास नहीं है। बांध का गेट तो सही सलामत है, लेकिन कुछ दिनों पूर्व से बंड के पास छिद्र देखने की बात सामने आ रही है। बारिश के पानी से बांध लबालब भरा था। बांध की कुल जलभराव क्षमता 7.43 एमसीएम (मिलियन क्यूबिक मीटर) है। बंड टूटने से आधे से ज्यादा स्टोरेज पानी व्यर्थ बह गया।

बंड के 15 फीट गहराई में था सीपेज

ग्रामीणों ने बताया कि बंड के पास लगभग १५ फीट गहराई में कुछ दिनों पूर्व से पानी का रिसाव हो रहा था। सिंचाई विभाग के अधिकारी छिद्र भरने का प्रयास किया। बांध के अंदर गहराई में जाकर छिद्र भरना मुश्किल था। रविवार सुबह अचानक यही सीपेज धीरे-धीरे बढ़ा और बंड का लगभग ५० फीट हिस्सा फूट गया और स्टोरेज पानी बह गया।

अनेक गांव के खेतों तक गया पानी

अधिकारियों का कहना है कि बांध फूटने के बाद पानी नागदेव नाला होते हुए हरदी गांव के पास महानदी में पहुंचेगा। इधर क्षेत्र के किसानों ने कहा कि बांध का पानी शुक्लाभाठा, बोड़रा, बेलरदोना, कोरगांव, आमाचानी सहित अन्य गांव के खेतों में घुसा है। सोमवार सुबह पता चलेगा कि कितने खेतों में पानी गया।

राजाडेरा जलाशय बारिश के पानी से लबालब भरा था। रविवार सुबह अचानक बंड फूट गया। प्रारंभिक जांच में पाइपिंग फेलियर के कारण बंड फूटना लग रहा है। जलस्तर 5 से 7 फीट नीचे चला गया है। जानकारी होते ही विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए थे। जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दिए हैं। रविन्द्र कुंजाम, एसडीओ सिंचाई विभाग बांध क्रमांक-90

Updated on:
03 Nov 2025 12:48 pm
Published on:
03 Nov 2025 12:47 pm