
नालछा. नगर में तीज महापर्व बहनों द्वारा भाइयों की मंगल कामनाएं के लिए रखे जाने वाले व्रत को धूमधाम से मनाया गया। यह त्योहार रक्षाबंधन के बाद आने वाली तीज पर किया जाता है। इस व्रत का आयोजन 5 से 8 वर्षों के मध्य के अंतराल में होता है। लवकुश जयंती के उपलक्ष्य में कुश युवा शक्ति संगठन द्वारा कुशवाह समाज धर्मशाला से चल समारोह निकाला गया। इसमें भजन गायक शशांक तिवारी ने आकर्षक भजनों की प्रस्तुति दी। तिवारी डीजे पर जनता व युवाओं के पसंदीदा भजन सुनाते रहे एवं युवा भजनों पर पूरे चल समारोह में थिरकते चल रहे थे। प्रसिद्ध सिद्धेश्वर महादेव मंदिर तालाब पर महिलाओं ने जवारों का पूजन कर विसर्जन किया।इसके बाद भाई द्वारा बहन को मिठाई खिलाकर व्रत का उद्यापन किया गया। समाज द्वारा धर्मशाला में समाज का अन्न कूट भी रखा गया। कुश युवा शक्ति संगठन द्वारा सदस्य संजय खिलावदिया, लखन कुशवाह, प्रफुल्ल कुशवाह, रजत कुशवाह, राजवर्धन मंडलोई संजय कुशवाहा, अजय कुशवाहा, नीरज कुशवाहा, हर्षवर्धन मंडलोई, विजय कुशवाह, राम कुशवाह द्वारा लव कुश एवं बजरंग बली आकर्षक झांकी बनाई गई। जो पूरे चल समारोह का आकर्षक का केंद्र रही। आयोजन में मालवा क्षेत्र में रहने वाले सभी 12 गांव के समाजजन भी सम्मिलित होते हैं। इंदौर से कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष राधा दीदी, मुकेश, हरिशंकर कुशवाहा सम्मिलित हुए। जगह जगह शोभा यात्रा का स्वागत किया गया। भाजपा के मंच से विधायक प्रतिनिधि अशोक मिरदवाल, सांसद प्रतिनिधि संतोष राठौड़, विनोद ठाकुर महेश जायसवाल आदि उपस्थित थे। ब्लॉक कांग्रेस के मंच से पूर्व विधायक पाचीलाल मेड़ा, मनोज ग्वाल, संदीप यादव, अनिल आर्य, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण गिनावा, लकी सेन, संदीप यादव आदि उपस्थित थे। अखिल भारतीय यादव महासभा की ओर से महेश यादव मित्र मंडल ने मंच लगाकर स्वागत किया।
कोद में नगर भ्रमण पर निकले मंगलेश्वर
कोद. भगवान मंगलेश्वर महादेव का डोला बैंडबाजों,तासों के साथ निकला। जगह-जगह छबीने का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। नगर के खेड़ापति हनुमान बस स्टैंड से प्रारंभ हुआ छबीना भडक़ेश्वर, बस स्टैंड, झंडा चौक, पंचायत प्रांगण होते हुए पुन: मंगलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचा। जहां पर आरती पूजन के महाप्रसादी का वितरण किया गया। बैंडबाजों के साथ हाथ में भगवा पताका लहराए युवा चल रहे थे।