धर्म-कर्म

हरियाली तीज से जन्माष्टमी तक बनेंगे पांच खास संयोग, सोना-चांदी खरीदने के लिए 5 तिथियां शुभ

Janmashtami 2026: हरियाली तीज (Hariyali Teej) से जन्माष्टमी तक अगले 21 दिन बेहद खास रहने वाले हैं। पांच दिनों में शुभ योग बनेंगे, जिनमें खरीदारी, निवेश और नए काम शुरू करना खास माना जाता है।
2 min read
Aug 15, 2026
august 2026 shubh yog janmashtami hariyali teej
August 2026 Shubh Yog: हरियाली तीज से जन्माष्टमी तक बनेंगे पांच खास संयोग (फोटो सोर्स- Patrika)

August 2026 Shubh Yog: सावन की रिमझिम फुहारों के बीच त्योहारों का उल्लास अब अपने चरम की ओर बढ़ रहा है। हरियाली तीज (Hariyali Teej) से लेकर रक्षाबंधन और फिर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी (Janmashtami 2026) तक अगले 21 दिन धार्मिक आस्था के साथ खरीदारी और नए काम शुरू करने के लिहाज से भी खास रहने वाले हैं। इस दौरान पांच ऐसे शुभसंयोग बनेंगे, जिन्हें ज्योतिषीय मान्यताओं में बेहद मंगलकारी माना गया है। इन दिनों सर्वार्थ सिद्धि योग, रवि योग, अमृत सिद्धि योग और त्रिपुष्कर योग जैसे शुभ संयोग बनेंगे। मान्यता है कि इन मुहूर्तों में शुरू किए गए काम में सफलता मिलने की संभावना बढ़ती है।

इन तारीखों पर बनेंगे खास संयोग

  • 15 अगस्त को हरियाली तीज पर रवि योग और अमृत सिद्धि योग का संयोग रहेगा।
  • 16 अगस्त को सर्वार्थ सिद्धि. अमृत सिद्धि, रवि और साध्य योग एक साथ बनेंगे। यह दिन विशेष रूप से शुभ माना जा रहा है।
  • 17 अगस्त को तीसरे सावन सोमवार के साथ नाग पंचमी का पर्व रहेगा। इस दिन रवि योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का संयोग भी बनेगा। धार्मिक दृष्टि से यह दिन बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।
  • 25 अगस्त को त्रिपुष्कर, रवि और आयुष्मान योग का संयोग बनेगा।
  • 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का अलौकिक पर्व रहेगा, जिसकी ऊर्जा पूरे वातावरण को भक्तिमय कर देगी।

खरीदारी से लेकर नए काम शुरू करने का अवसर

ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इन शुभ योगों में नई वस्तु खरीदना, नया कारोबार शुरू करना, घर में जरूरी सामान लाना या किसी नए कार्य की शुरुआत करना शुभफलदायी माना जाता है। खासकर सोना-चांदी, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए लोग इन दिनों का इंतजार करते हैं।

शिव-पार्वती के अटूट मिलन का प्रतीक

आज सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए हरियाली तीज का निर्जला व्रत रखेंगी। हरियाली तीज पर सिद्धि योग, शिव योग का खास संयोग बन रहा है, जिससे पर्व का महत्व और बढ़ जाएगा। ज्योतिषाचार्य डॉ. हुकुमचंद जैन के अनुसार, हरियाली तीज सावन माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाई जाती है। यह दिन शिव-पार्वती के अटूट मिलन का प्रतीक है। मान्यता है कि इसी दिन कठोर तपस्या के बाद माता पार्वती को भगवान शिव ने पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। इसलिए यह पर्व सुहाग की अमरता का पर्व कहलाता है।

Updated on:
15 Aug 2026 10:31 am
Published on:
15 Aug 2026 10:31 am