डिंडोरी

आनंद उत्सव से दूरी बनाए हैं जनप्रतिनिधि

जनपद पंचायत के आयोजन में उपेक्षा का आरोप
2 min read
• •
Updated: 30 Jan 2018, 9:35 PM IST
Public representative the distance from the Anand festival
Public representative the distance from the Anand festival

डिंडोरी. जिले में विभिन्न विभागों द्वारा आनंद उत्सव का आयोजन कर अपने अमले के साथ विभिन्न प्रतियोगितायें आयोजित की गई। वहीं आनंद उत्सव में भी जनप्रतिनिधियों को उपेक्षित रखने के आरोप लग रहे हैं। डिंडोरी जनपद पंचायत द्वारा सोमवार को आयोजित आनंद उत्सव के दौरान जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने विरोध स्वरूप अपनी दूरी बना ली। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जनपद पंचायत सदस्यों को कोई आमंत्रण नहीं दिया गया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष देववती वालरे, उपाध्यक्ष सुशील राय व सदस्यों ने आयोजित कार्यक्रम के पूर्व जनपद अध्यक्ष के आवास पर बैठक की और कार्यक्रम के बहिष्कार का निर्णय लिया। वहीं उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आयोजित आनंद उत्सव के कार्यक्रम में कोई भी जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा। आयोजन को लेकर छापे गये आमंत्रण पत्र में भी मुख्य अतिथि के रूप में केबिनेट मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे का नाम अंकित है, लेकिन केबिनेट मंत्री लगातार विकास यात्राओं में व्यस्त हैं। वहीं विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे भी आयोजन से दूर रहीं। जनपद सदस्य चंद्रिका गवले व महेश धूमकेती ने बताया कि लगातार मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा उन्हें उपेक्षित किया जा रहा है। वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस के गुप्ता की दलील है कि लगातार आयोजनों के चलते शीघ्रता में आयोजन निर्धारित किया गया और अध्यक्ष उपाध्यक्ष को आमंत्रण दिया गया है। साथ ही सदस्यों को प्रेषित किया गया है। अन्य आयोजनों में भी उनके द्वारा आमंत्रण दिये जाने की बात कही जा रही है।

............................
ग्रामीणों ने उठाया मड़ई मेले का लुत्फ
गोरखपुर. करंजिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गोरखपुर में बाबा गोरखनाथ मंदिर परिसर के पास दो दिवसीय मड़ई का आयोजन किया गया। मड़ई के पहले दिन रविवार को पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। कस्बा के अलावा आसपास के गांवों से मड़ई मे आये लोगों ने दूर दराज से आये व्यापारियों से विभिन्न प्रकार की सामग्री की जमकर खरीददारी की। इस दौरान मड़ई के पहले दिन अहीर समाज के लोगों ने ग्वालों के पोषाक में नृत्य करते हुये आशीर्वाद वचन बोलते बोलते मड़ई ब्याहने बजराहिन देवी स्थल पहुंचे। जहां अलग-अलग गांवों से आई चंडीयों के साथ विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। सोमवार को रविवार से शुरू हुई मड़ई का गुदरी के साथ समापन हुआ। गुदरी के दिन आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग पहुंचकर मड़ई मेले का आनंद उठाया।

Published on: