डूंगरपुर

CM Bhajanlal Ratri Chaupal : 21-22 मई को सीएम भजनलाल का डूंगरपुर दौरा, प्रशासन मुस्तैद, जानें पूरा शेड्यूल

CM Bhajanlal Ratri Chaupal : सीएम भजनलाल शर्मा 21-22 मई को डूंगरपुर के दौरे पर रहेंगे। वहीं धम्बोला गांव में रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से संवाद करेंगे। जानें पूरा शेड्यूल।
2 min read
CM Bhajan Lal Dungarpur visit on 21-22 May Dhambola Gaon Ratri Chaupal Know schedule
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा। फाइल फोटो पत्रिका

CM Bhajanlal Ratri Chaupal : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 21 व 22 मई को डूंगरपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। खास बात यह भी है कि पेट्रोल-डीजल बचाने का संदेश भी इस दौरा में देने की कोशिश की जाएगी। इसका कारण यह है कि मुख्यमंत्री के काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन नजर आएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को बांसवाड़ा में बैठक के बाद दोपहर साढ़े तीन बजे जिला कलक्ट्रेट डूंगरपुर पहुंचेंगे।

यहां ईडीपी सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेंगे। इसके बाद साढ़े पांच से 6 बजे तक सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। शाम करीब 6.45 बजे चौरासी विधानसभा क्षेत्र के धम्बोला सीनियर स्कूल में रात्रि चौपाल होगी। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम भी धम्बोला में होगा। अगले दिन शुक्रवार को सुबह 6 से 9 बजे तक क्षेत्र में भ्रमण भी प्रस्तावित है। इसके बाद वे धम्बोला हेलीपेड से उदयपुर डबोक के लिए रवाना होंगे। दौरे के दौरान डीजल-पेट्रोल बचाने का संदेश भी दिया जाएगा। परिवहन विभाग इलेक्ट्रिक वाहन एकत्रित कर रहा है।

डूंगरपुर से 5 इलेक्ट्रिक वाहन मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल होंगे

डीटीओ मनीष माथुर ने बताया कि डूंगरपुर से 5 इलेक्ट्रिक वाहन मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल होकर 21 मई को जिले में आएंगे। अधिकारियों को भी पूलिंग सिस्टम से धम्बोला रात्रि चौपाल में पहुंचने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

धंबोला में सजेगी सीएम भजनलाल की रात्रि चौपाल, प्रशासन अलर्ट मोड पर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के चौरासी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत धम्बोला में प्रस्तावित रात्रि चौपाल कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे एवं रात्रि विश्राम कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डूंगरपुर. धम्बोला सीनियर स्कूल में सीएम की रात्रि चौपाल में तैयारियों पर चर्चा करते अ​धिकारी। फोटो पत्रिका

निरीक्षण के दौरान पूर्व सांसद कनकमल कटारा, समाजसेवी अशोक पटेल, उदयपुर टीएडी आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री, जिला कलक्टर देशलदान तथा जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर रात्रि चौपाल, जनसंवाद एवं मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

अधिकारियों ने बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, सेफ हाउस, पार्किंग, आवागमन मार्ग, मंच व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित रात्रि विश्राम एवं दूसरे दिन कस्बे में भ्रमण कार्यक्रम को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री रात्रि चौपाल के दौरान महिलाओं, युवाओं, किसानों एवं बुजुर्गों से सीधा संवाद करेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं को लेकर भी चर्चा संभावित है। मुख्यमंत्री के मंदिर दर्शन एवं स्थानीय भ्रमण कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

Updated on:
20 May 2026 11:21 am
Published on:
20 May 2026 11:21 am