डूंगरपुर

‘SP पर भरोसा है, न्याय मिलेगा’: टॉर्चर से तंग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक ने दी जान, 4 महीने पहले हुई थी शादी

Dungarpur News: डूंगरपुर के साबला थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक कीर्ति कटारा ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले वायरल वीडियो और सुसाइड नोट में एएसआई व पड़ोसियों पर झूठे मुकदमों में फंसाने व प्रताड़ित करने के आरोप लगाए।
2 min read
Jul 13, 2026
Dungarpur Suicide Case
मृतक कीर्ति कटारा (पत्रिका फोटो)

Dungarpur Suicide Case: डूंगरपुर जिले में साबला थाना क्षेत्र के धाणी कटारा गांव में एक युवक ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया, जिसमें उसने पुलिस के एक एएसआई और पड़ोसियों पर झूठे मुकदमों में फंसाकर मोटी रकम ऐंठने और टॉर्चर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर वीडियो देख दौड़े परिजन

धाणी कटारा निवासी कीर्ति कटारा पुत्र दली प्रसाद कटारा ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की बात कही। वीडियो देखकर जब तक परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक कीर्ति फंदे से लटक चुका था। आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर साबला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और मृतक के भाई मुकेश कुमार की रिपोर्ट पर पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया। परिजनों ने बताया कि मृतक का फरवरी महीने में निठाउवा में विवाह हुआ था और वो प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

वीडियो में बयां किया दर्द: 'एसपी साहब पर भरोसा है, न्याय मिलेगा'

मृतक कीर्ति ने मरने से पहले वायरल वीडियो में रोते हुए कहा, मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं और इसका कारण मुरलीधर कटारा, उसकी पत्नी और पुत्र हैं। इन्होंने मुझ पर सड़क हादसे और गाड़ी जलाने का झूठा मुकदमा दर्ज करवाया है। इसमें साबला थाने के एएसआई तखत सिंह ने मोटी रकम लेकर आरोपियों का साथ दिया और मुझे बहुत टॉर्चर किया। वे आए दिन मेरे परिवार को भी परेशान करते हैं।

मुझे जिले के कप्तान एसपी साहब पर पूरा भरोसा है कि वे मुझे न्याय दिलाएंगे। मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट में कीर्ति ने लिखा कि पड़ोसियों की गाड़ी रात में किसी ने जला दी थी, जिसका झूठा आरोप उस पर और संदीप कटारा पर मढ़ दिया गया। मुझे बुरी तरह प्रताड़ित किया और बाद में एक झूठे एक्सीडेंट केस में भी फंसा दिया।

एएसआई ने मामले को रफा-दफा करने के नाम पर गुमराह किया और बाद में कोर्ट में पेश कर दिया। कीर्ति ने लिखा कि आरोपी और उसकी पत्नी रास्ते में भी गाली-गलौज करते हैं। मृतक की 4 महीने पहले ही शादी हुई थी और इस कारण वह और उसकी पत्नी तनाव में थे। आरोपी का घर पास में होने के कारण लगातार विवाद करते थे।

एएसआई सहित नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

मृतक के भाई मुकेश ने रिपोर्ट में मुरलीधर पुत्र विजयपाल कटारा, उसकी पत्नी लक्ष्मी, पुत्र सुनील कुमार, करिश्मा, माताजी खेड़ा निठाउवा निवासी प्रेमशंकर अध्यापक, नया टापरा साबला निवासी देवीलाल पुत्र प्रभुलाल डोडियार, धाणी कटारा निवासी गौतम पुत्र भेरिया कटारा, निठाउवा धाणी निवासी निवासी भंवरलाल मीणा व एएसआई तखत सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दी है।

रिपोर्ट में भाई को आपराधिक षड्यंत्र रच कर झूठे मुकदमा दर्ज कर मानसिक, शारीरिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस उपाधीक्षक आसपुर, प्रभुलाल कुमार ने बताया, मृतक के भाई की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।

Updated on:
13 Jul 2026 07:43 pm
Published on:
13 Jul 2026 07:43 pm