Dungarpur Auto Accident: डूंगरपुर में वैंजा मोड़ के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां छीन लीं। अनियंत्रित ऑटो पुल से नीचे गिरने से दो मासूम बच्चों सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
डूंगरपुर। चौरासी थाना क्षेत्र के वैंजा मोड़ के समीप गुरुवार को एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर पुल से नीचे उतर गया। इससे ऑटो रिक्शा में सवार दो बच्चों सहित तीन जनों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वैंजा निवासी नारायणलाल रोत की बेटी के ससुराल में कार्यक्रम था।
इस पर परिवार ऑटो रिक्शा से बेटी प्रियंका के घर वागबोल जा रहा था। रास्ते में वैंजा हलीया तालाब के समीप ऑटो अनियंत्रित होकर पुल के नीचे उतर गया। इससे ऑटो में सवार सभी लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को 108 की मदद से जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां चिकित्सकों ने डेढ़ माह के वागबोल निवासी क्रिश पुत्र बलदेव कटारा व तीन वर्षीय वैंजा निवासी आर्यन पुत्र कान्तिलाल रोत को मृत घोषित कर दिया।
वहीं बंशीलाल की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। इस पर परिजन घायल को मोड़ासा के एक चिकित्सालय ले गए। वहां चिकित्सकों ने वैंजा निवासी बंशीलाल पुत्र नानजी कटारा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर जिला मुर्दाघर पहुंचे। यहां पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द किया।
परिजनों ने बताया कि क्रिश व आर्यन दोनों ममेरे भाई थे। आर्यन अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। क्रिश के पिता बलदेव पहली बार बेटे के घर आने का इंतजार कर रहे थे और घर में खुशी का माहौल था। हादसे की सूचना मिलने पर बलदेव फूट-फूटकर रोने लगे।