दस का दम

सर्दियों में हिल स्टेशन पर घूमने की है प्लानिंग! भारत के इन 10 जगहों पर लें सकते हैं बर्फ का मजा

स्नोफॉल का अनुभन करना सच में एक जादुई पल होता है। स्नोमैन बनाना, बर्फ से खेलना और बर्फ की चादर का आनंद लेने की बात ही कुछ अलग होती है। वहीं, सर्दियां भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में अगर आप हिल स्टेशन घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो इस लिस्ट में शामिल जगहों पर आप बर्फबारी को एंजॉय कर सकते हैं।

4 min read
Dec 19, 2022
List of the Top 10 Famous Hill Stations in India
List of the Top 10 Famous Hill Stations in India

भारत में बर्फबारी का नजारा उत्तरी भारत में सबसे ज्यादा देखने को मिलता है। वहीं, सर्दियों ने भी दस्तक दे दी है। इस मौसम में बर्फबारी देखने लायक होती है। भारत में ऐसे कई टूरिस्ट प्लेस हैं जहां पर टूरिस्ट खूबसूरत जगहों को देखने तो आते ही हैं, लेकिन सबसे ज्यादा मजा उन्हें बर्फ में आता है। भारत के सबसे अधिक बर्फबारी वाले इन टूरिस्ट प्लेसों पर पर्यटक बर्फ से जुड़े खेलो और एक्टिविटीज का आनंद लेते हैं। बर्फ की चादर से ढकी धरती की खूबसूरती देखते ही बनती है। इसे देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। बर्फ की चादर में समाई धरती की इस खूबसूरती को देखने के आप ङी है तो हम आपको उन जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं जहां आप स्नोफॉल का मजा ले सकते हैं।


1. शिमला, हिमाचल प्रदेश

स्नोफॉल का नाम सुनते हीं सबसे पहले जुबां पर शिमला का नाम ही याद आता है। यहां आपको स्नोफॉल के साथ-साथ एडवेंचर का मजा भी मिल सकता है। शिमला व्यवसायी हिल स्टेशनों में से एक है। ब्रिटिशर्स के समय में यह ग्रीष्मकालीन राजधानी हुआ करती थी।


2. मनाली, हिमाचल प्रदेश

इसमें कोई शक नहीं की मनाली भारत के सबसे लोकप्रिय हिल स्टेशनों में से एक है, जो ज्यादातर लोगों का पसंदीदा पर्यटन स्थल है। सर्दियों के मौसम में यहां के पहाड़ सफेद बर्फ की चादर से ढक जाते हैं। बर्फीली हवाओं, हल्की बारिश और भारी बर्फबारी के साथ बर्फ से ढके पहाड़ और चीड़ के पेड़ शानदार लगते हैं।


3. पटनीटॉप, जम्मू और कश्मीर

जम्मू और कश्मीर के उधमपुर जिले में स्थित, पटनीटॉप हिमालय की शिवालिक श्रेणी में बसा एक पहाड़ी स्थल है। कश्मीर घाटी की तलहटी में स्थित इस छोटे से गांव को भारत के सबसे शांत बर्फीले स्थानों में से एक माना जाता है। यहां लोग स्नोफॉल के दौरान स्नोबोर्डिंग और स्कीइंग गतिविधियों में शामिल होने के लिए भी जरूर आते हैं। यहां पर बर्फबारी देखने के लिए अच्छा समय दिसम्बर से मार्च के बीच है।


4. गुलमर्ग, कश्मीर

गुलमर्ग को किसी विंटर वंडरलैंड से कम नहीं माना जा सकता है। इस जगह पर ऐसी खूबसूरती है जो आपको कहीं और नहीं मिलेगी। गुलमर्ग को भारत का स्की डेस्टिनेशन कहा जाता है। ये एक ऐसी जगह है जो स्विट्जरलैंड से कम नहीं लगेगी। हिमालय की पूरी खूबसूरती आपको यहां दिखेगी। गंडोला राइड्स, चीड़ के पेड़, बर्फ से ढकी हुई वादियां और सांस लेने के लिए शुद्ध हवा।


5. लेह, लद्दाख

अगर आपको सही मायने में ऐसी सर्दी देखनी है जो एडवेंचर से कम नहीं हो तो इस दौरान लद्दाख जाएं। लेह सर्दियों में किसी जन्नत से कम नहीं लगता है। यहां आपको अप्रैल तक बर्फ देखने को मिलेगी और अक्टूबर से ही यहां पर बर्फबारी शुरू हो जाती है।


6. मसूरी, उत्तराखंड

उत्तराखंड के मसूरी को पहाड़ियों की रानी कहा जाता है, यह जगह भारत में सर्दियों के दौरान एक बर्फ का स्वर्ग है। मसूरी प्रसिद्ध केम्प्टी फॉल्स, हलचल भरी मॉल रोड और कंपनी गार्डन के लिए भी मशहूर है। बर्फ से ढके पहाड़ों, बर्फ के टुकड़ों से सजे देवदार के पेड़ों के साथ, मसूरी किसी भी अंतरराष्ट्रीय शीतकालीन गंतव्य जितना अच्छा है।


7. अल्मोड़ा, उत्तराखंड

अल्मोड़ा उत्तराखंड का एक छावनी शहर है और इस जगह से बर्फ से ढके हिमालय को देखना सपनों जैसा है। देवदार और पुराने ओक के पेड़ों से घिरा, अल्मोड़ा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विविधता के लिए जाना जाता है। अल्मोड़ा में चितई और नंदा देवी जैसे मंदिर पसंदीदा पर्यटन स्थल हैं, इसके अलावा यहां का 200 साल पुराना लाला बाज़ार भी घूमना चाहिए।


8. औली, उत्तराखंड

स्नोफॉल के लिए बेस्ट जगहों की लिस्ट में औली हिल स्टेशन का नाम भी आता है। ऊंचाई पर स्थित ये जगह चोटियों से लदा हुआ है। यहां हरे-भरे घास के मैदान पूरी तरह से बर्फ से ढके होते हैं। शायद यही वजह है कि ये जगह हद से ज्यादा खूबसूरत दिखाई देता है।


9. लाचुंग, सिक्किम

सिक्किम का लाचुंग इलाका अपनी बर्फबारी के लिए फेमस है। यहां पर हर सर्दी बहुत बर्फ गिरती है और कई बार तो ये बर्फ कई फिट ऊंची हो जाती है। यहां घूमने के लिए कई जगहें हैं और आप चाहे किसी भी मौसम में जाएं यहां आपको थोड़ी ठंड तो मिलेगी ही। तवांग की तरह ही इसे घूमने के लिए भी पहले मौसम की जानकारी लेकर जाएं क्योंकि यहां बर्फीले तूफान भी बहुत आम हैं।


10. तवांग, अरुणाचल प्रदेश

हिंदुस्तान की ऐसी कुछ जगहों में से एक है तवांग, जहां हमेशा ही सर्दी रहती है और हमेशा यहां का तापमान ठंडा रहता है। नवंबर से ही यहां 0 से नीचे तापमान होने लगता है। अगर आपको एडवेंचर पसंद है और ट्रेकिंग आदि के शौकीन हैं तो ये जगह बेस्ट साबित हो सकती है। आपको भारत की सबसे अच्छी स्नोफॉल आपको यहां मिल सकती है। हाल में यह घाटी भारत-चीन के बीच हुई झड़प को लेकर चर्चा में भी रही थी।

Published on:
19 Dec 2022 04:13 pm