मनोरंजन

जेंडर चेंज की सर्जरी के बाद अब मां बन सकती हैं अनाया बांगर? खुद दे दिया जवाब, छलका दर्द

Anaya Bangar Gender Affiriming Surgery: अनाया बांगर ने हाल ही में अपनी सर्जरी के बाद होने वाली दिक्कतों के बारे में बात की है। साथ ही उन्होंने बताया है कि क्या अब वो मां बन सकती हैं या फिर नहीं।
3 min read
Jul 16, 2026
Anaya Bangar Gender Affiriming Surgery
अनाया बांगर ने सर्जरी पर की बात ( फोटो सोर्स- Youtube/ Filmygyan)

Anaya Bangar Gender Affiriming Surgery: जेंडर चेंज की सर्जरी कराने के बाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और क्रिकेटर अनाया बांगर अब अपने नए सफर पर निकल चुकी हैं। अनाया अब रिकवरी कर रही हैं। वो लगातार अपने पुराने वाले रुटीन में आने की कोशिश कर रही हैं। इसी बीच अनाया ने अपनी जर्नी के बारे में बात की हैं। इंटरव्यू में उन्होंने बताया है कि क्या अब वो प्रेग्नेंट होकर मां बन सकती हैं या फिर नहीं।

अनाया बांगर ने प्रेग्नेंट होने पर क्या कहा?

फिल्मी ग्यान के साथ इंटरव्यू के दौरान अनाया से पूछा गया कि क्या भविष्य में वो जैविक रूप से मां बन सकती हैं यानी नेचुरल तरीके से कन्सीव कर सकती हैं? इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जेंडर रीअसाइनमेंट सर्जरी के बाद उनके शरीर में गर्भाशय और अंडाशय नहीं हैं। ऐसे में वह प्राकृतिक रूप से गर्भधारण नहीं कर सकतीं।

हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि परिवार बनाने के कई दूसरे विकल्प मौजूद हैं। यदि भविष्य में वो चाहें तो सरोगेसी या बच्चे को गोद लेने जैसे रास्ते अपना सकती हैं।

बैंकॉक में हुई बड़ी सर्जरी

अनाया ने बताया कि उन्होंने लंबे समय तक मेडिकल एक्सपर्ट्स, काउंसलर्स और डॉक्टरों से सलाह लेने के बाद बैंकॉक में जेंडर रीअसाइनमेंट सर्जरी कराने का फैसला लिया। यह कोई सामान्य प्रक्रिया नहीं थी, बल्कि कई मेडिकल जांच, मानसिक स्वास्थ्य मूल्यांकन और जरूरी मंजूरियों के बाद ही उन्हें ऑपरेशन की अनुमति मिली।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन कई घंटों तक चला और सफल रहा। हालांकि ऑपरेशन से पहले उनके मन में डर और उत्साह दोनों थे। उन्हें इस बात की चिंता भी थी कि सर्जरी के बाद उनकी जिंदगी किस तरह बदलेगी।

रिकवरी रही सबसे कठिन परीक्षा

अनाया के मुताबिक असली चुनौती ऑपरेशन के बाद शुरू हुई। उन्होंने कहा कि शुरुआती महीनों की रिकवरी बेहद दर्दनाक रही। शरीर को नई स्थिति के अनुसार ढालने के लिए उन्हें रोजाना लंबी मेडिकल प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है, जो कई महीनों तक जारी रहती है।

उन्होंने माना कि यह प्रक्रिया सिर्फ शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक रूप से भी काफी थका देने वाली होती है। इसके लिए धैर्य, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति की जरूरत पड़ती है।

'मेरी पूरी जिंदगी बदल गई'

अनाया ने कहा कि जेंडर ट्रांजिशन के फैसले ने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी। रिश्ते, दोस्ती और परिवार के साथ समीकरण पहले जैसे नहीं रहे। कई लोगों ने दूरी बना ली, जबकि कुछ ने उनका पूरा साथ दिया।

उन्होंने कहा कि इस बदलाव की कीमत उन्हें कई रूपों में चुकानी पड़ी, लेकिन आज उन्हें अपने फैसले पर गर्व है। उनके अनुसार अब वह पहले से कहीं ज्यादा सहज और आत्मविश्वास महसूस करती हैं।

परिवार ने आखिरकार दिया साथ

अनाया ने बताया कि शुरुआत में उनके माता-पिता के लिए इस बदलाव को स्वीकार करना आसान नहीं था। लेकिन समय के साथ उन्होंने उनकी भावनाओं को समझा। सर्जरी के दौरान उनके माता-पिता अस्पताल में मौजूद रहे और हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि परिवार का यह समर्थन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बना और इसी वजह से वह इस कठिन दौर से बाहर निकल सकीं।

हर ट्रांसजेंडर व्यक्ति के लिए जरूरी नहीं सर्जरी

अनाया ने एक अहम बात यह भी कही कि जेंडर रीअसाइनमेंट सर्जरी हर ट्रांसजेंडर व्यक्ति के लिए अनिवार्य नहीं होती। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की अपनी पहचान, जरूरत और शरीर के प्रति सहजता अलग होती है। इसलिए किसी पर भी सर्जरी कराने का दबाव नहीं होना चाहिए।

ट्रोलिंग और समाज की सोच पर भी रखी राय

अनाया ने स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोलिंग और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने नकारात्मक टिप्पणियों को खुद पर हावी नहीं होने दिया। उनका कहना है कि आज वह अपनी पहचान को लेकर पहले से कहीं ज्यादा आत्मविश्वास से भरी हुई हैं और चाहती हैं कि समाज ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मान और संवेदनशीलता के साथ स्वीकार करे।

Updated on:
16 Jul 2026 08:13 am
Published on:
16 Jul 2026 08:13 am