Pawan Kalyan vs Vijay: तमिलनाडु के सीएम सी जोसेफ विजय और तेलुगु स्टार चिरंजीवी के बीच हाल ही में हुई बातचीत ने राजनीतिक और मनोरंजन जगत में जबरदस्त हलचल मचा दी है। इस मुलाकात को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों के बीच किसी महत्वपूर्ण योजना या साझेदारी को लेकर चर्चा हुई है।
Pawan Kalyan vs Vijay: तमिल सुपरस्टार थलपति विजय के तमिलनाडु का सीएम बनने के बाद से दक्षिण भारत की राजनीति में एक नई बहस छिड़ गई है। जनता अब तेलुगु स्टार और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण से विजय की तुलना करने लगे हैं और इस पर पवन कल्याण (pawan Kalyan) ने खुद अपनी बात कह दी। बता दें, मेगास्टार चिरंजीवी (Chiranjeevi) और विजय के बीच एक गर्मजोशी भरी बातचीत ने भी सुर्खियां बटोरी हैं।
मंगलागिरी में जन सेना के मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पवन कल्याण ने विजय का नाम लिए बिना इस तुलना पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब से पड़ोसी राज्य में एक एक्टर ने पार्टी बनाकर सीएम पद हासिल किया है, तब से उनके पास बहुत सारे संदेश आने लगे हैं कि उन्हें भी आंध्र प्रदेश में ऐसा ही करना चाहिए था।
इतना ही नहीं, पवन ने एक तेलुगु मुहावरे का सहारा लेते हुए समझाया कि ये पड़ोसी की शादी के जश्न में बेवजह का उत्साह दिखाने जैसा है और उन्होंने याद दिलाया कि 2019 में चुनाव लड़ा था लेकिन उस वक्त मंत्रियों तक ने उनका साथ नहीं दिया था। उनका कहना था कि आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के हालात बिल्कुल अलग हैं इसलिए दोनों की तुलना करना उचित नहीं है।
इस बीच एक और मजेदार खबर सामने आई कि मेगास्टार चिरंजीवी ने गुरुवार को नवनिर्वाचित तमिलनाडु के सीएम विजय से फोन पर बात की। चिरंजीवी की टीम ने इसे "प्यार भरी और दिल से हुई बातचीत" बताया और चिरंजीवी ने विजय को सीएम पद संभालने पर दिल से बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विजय लोगों पर केंद्रित शासन के जरिए तमिलनाडु के लोगों के दिलों में हमेशा बसे रहेंगे, ठीक वैसे ही जैसे दिवंगत महान नेता MGR जनता के दिलों में अमर हैं।
बता दें, विजय ने भी बातचीत में गर्मजोशी से जवाब दिया। उन्होंने चिरंजीवी की हालिया फिल्म 'माना शंकरा वर प्रसाद गारू' की सराहना की और कहा कि उन्हें बड़े पर्दे पर चिरंजीवी को देखकर बहुत खुशी हुई। इसके साथ ही विजय ने 'जन नायकन' की पायरेसी के मामले में चिरंजीवी के सपोर्ट के लिए भी उनका विशेष धन्यवाद किया। बता दें, विजय ने चिरंजीवी की अपकमिंग फिल्म के लिए भी अपनी शुभकामनाएं दीं जो KVN प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही है।
पवन कल्याण और विजय दोनों ही दक्षिण भारतीय सिनेमा के बड़े नाम हैं जिन्होंने राजनीति में कदम रखा, लेकिन उनके सफर और परिस्थितियां बिल्कुल अलग रहे हैं। पवन कल्याण ने 2019 में चुनाव लड़ा और काफी संघर्ष किया और बाद में वो NDA गठबंधन के साथ आए और आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM बने। तो वहीं विजय ने 2024 में TVK पार्टी बनाई और पहले ही चुनाव में 108 सीटें जीतकर तमिलनाडु की सत्ता हासिल की।