
Janhvi Kapoor new movie: एक्ट्रेस जान्हवी कपूर ने कथित तौर पर अपनी अगली फिल्म साइन कर ली है। खबरों के मुताबिक, वो पहली बार 'पगलैट' के डायरेक्टर उमेश बिष्ट के साथ काम करने जा रही हैं। ये खबर ऐसे समय सामने आई है, जब उनकी तेलुगु फिल्म 'पेड्डी' में उनके किरदार 'अचियम्मा' की प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ा हुआ है। हालांकि, नई फिल्म को लेकर मेकर्स की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
वैरायटी इंडिया के मुताबिक, जान्हवी कपूर एक अनटाइटल्ड फिल्म में नजर आएंगी, जिसका निर्देशन उमेश बिष्ट करेंगे। इस प्रोजेक्ट का निर्माण एकता कपूर की बालाजी मोशन पिक्चर्स और गुनीत मोंगा की सिख्या एंटरटेनमेंट मिलकर करेंगे। बता दें, फिल्म की शूटिंग इस साल अक्टूबर-नवंबर के आसपास शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, फिल्म की कहानी, जॉनर और अन्य स्टार्स के नाम फिलहाल सामने नहीं आए हैं। ऐसे में फिल्म से जुड़ी जानकारी के लिए मेकर्स की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
जान्हवी कपूर की नई फिल्म की चर्चा ऐसे समय में सामने आई है, जब उनकी अपकमिंग तेलुगु फिल्म 'पेड्डी' विवादों में है। हाल ही में फिल्म से उनके किरदार अचियम्मा की झलक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने मेकर्स पर एक्ट्रेस को ऑब्जेक्टिफाई करने का आरोप लगाया था।
उमेश बिष्ट अपनी चर्चित नेटफ्लिक्स फिल्म 'पगलेट' के सीक्वल 'पगलैट 2' का भी निर्देशन करने वाले हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सान्या मल्होत्रा एक बार फिर संध्या के किरदार में नजर आ सकती हैं और सीक्वल पहली फिल्म की कहानी को आगे बढ़ाएगा।ऐसे में उमेश बिष्ट के पास दो बड़े प्रोजेक्ट होंगे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह दोनों फिल्मों की शूटिंग का शेड्यूल कैसे तय करते हैं। फिलहाल जान्हवी कपूर की नई फिल्म के टाइटल और पूरी स्टारकास्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।