
UP Police constable Kapil Dinkar India Got Latent 2: समय रैना के फेमस शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' का दूसरा एपिसोड सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है। इस बार चर्चा में हैं यूपी पुलिस के कॉन्स्टेबल, सिंगर और गीतकार कपिल दिनकर, जिन्होंने अपनी गायकी, हाजिरजवाबी और आत्मविश्वास से न सिर्फ जजों बल्कि दर्शकों का भी दिल जीत लिया। शो के दौरान उनकी परफॉर्मेंस के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर दिया गया उनका बयान भी वायरल हो गया, जिस पर अब बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला ने प्रतिक्रिया दी है।
एपिसोड में बातचीत के दौरान समय रैना ने हल्के-फुल्के अंदाज में कपिल दिनकर से पूछा कि क्या यूपी में वास्तव में अपराध कम हुए हैं। इसके जवाब में कपिल ने कहा कि राज्य में अपराध नियंत्रण की दिशा में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में गिरफ्तार अपराधियों को सजा मिली है और महिलाओं की सुरक्षा के लिए स्थापित मिशन शक्ति केंद्र भी प्रभावी ढंग से काम कर रहे हैं। उनके इस जवाब पर स्टूडियो में मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाईं।
शो का ये क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर इसे किया। उन्होंने कपिल दिनकर की गायकी और स्टेज पर उनके आत्मविश्वास की सराहना करते हुए लिखा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा और हास्य शैली से सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। साथ ही उन्होंने यूपी की कानून-व्यवस्था में सुधार का भी उल्लेख किया और कहा कि कपिल ने स्टेज पर आंकड़ों के साथ अपनी बात रखी, जिसे दर्शकों ने भी सराहा।
बता दें, कपिल दिनकर ने शो में अपना एक ओरिजिनल गीत भी प्रस्तुत किया, जिसे सभी पैनलिस्टों ने पसंद किया। उनकी प्रस्तुति से प्रभावित होकर हर जज ने उन्हें पूरे 10 अंक दिए। इसमें दिलचस्प बात ये रही कि कपिल ने खुद को भी 10 अंक दिए, जिससे उन्हें परफेक्ट स्कोर हासिल हुआ। शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' का एक लाख रुपये का कैश प्राइज भी अपने नाम कर लिया।
फिलहाल, कपिल दिनकर की परफॉर्मेंस, उनका बयान और उस पर आई राजनीतिक प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। शो का ये एपिसोड लगातार वायरल हो रहा है और दर्शकों के बीच खूब पसंद किया जा रहा है।