Kumar Vishwas: मशहूर कवि कुमार विश्वास ने एक बार फिर बॉलीवुड इंडस्ट्री को लेकर बात की है। उन्होंनें फिल्म 'धुरंधर' के निर्देशक आदित्य धर की तारीफ भी की और नेपोटिज्म पर तीखा हमला बोला है। साथ ही उन्होंने अपने नोएडा स्थित 5 मंजिला आलीशान घर की झलक भी दिखाई है।
Kumar Vishwas Dig On Bollywood Culture: अपनी बेबाक बयानबाजी और धारदार कविताओं के लिए मशहूर डॉ. कुमार विश्वास हमेशा अपनी बेबाक राय रखते नजर आते हैं। वह राजनीति हो या इंडस्ट्री की पोल खोलना वह किसी के बारे में कुछ भी बोलने से कतराते नहीं हैं। इस बार भी वह चर्चा का विषय बने हुए हैं। उन्होंने बॉलीवुड माफियाओं से लेकर धुरंधर और आदित्य धर पर भी बयान दिया है। जो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। साथ ही उन्होंने बॉलीवुड के काले सच और भाई-भतीजावाद (Nepotism) पर भी ऐसी चोट मारी है कि गलियारों में इसकी गूंज सुनाई देने लगी है।
कर्ली टेल्स की पूरी टीम कुमार विश्वास के घर पहुंची। जहां उन्होंने सभी को अपना घर दिखाया और बातचीत की। इस दौरान ही उन्होंने 2025 की सबसे बड़ी हिट फिल्म 'धुरंधर' के निर्देशक आदित्य धर की जमकर सराहना की और इंडस्ट्री के एक खास तबके को 'नशेड़ियों का झुंड' तक कह डाला। उन्होंने कहा जब कोई शख्स पुराने और घिसे-पिटे मानकों को तोड़कर अपनी अलग पहचान बनाता है, तो पूरी जमात उसे नीचे गिराने में लग जाती है।
कुमार विश्वास ने उदाहरण देते हुए बताया, "आदित्य धर ने वह कर दिखाया जो बॉलीवुड के नेपोटिज़्म में पले-बढ़े लोग नहीं कर पाए। उन्होंने काबिलियत के दम पर पूरी दुनिया में अपना लोहा मनवाया है। आदित्य के साथ बहुत गलत हुआ, उनकी स्क्रिप्ट चोरी हुई, क्रेडिट छीने गए, यहां तक कि उन्हें घर से निकाल दिया गया। लेकिन वह सोशल मीडिया पर आकर रोए नहीं। जिनमें दम होता है, वह शिकायत नहीं करते, बल्कि अपने काम से सबका मुंह बंद कर देते हैं।"
आजकल के दौर पर तंज कसते हुए कवि कुमार विश्वास ने कहा कि कई युवा दबाव में आकर आत्महत्या जैसा कदम उठा लेते हैं, लेकिन आदित्य जैसे 'बच्चे' डटकर खड़े रहते हैं और कहते हैं- 'आओ, एक-एक करके देख लेंगे'। तीखे लहजे में उन्होंने कहा कि वह ऐसे लोगों के लिए घर बैठकर तालियां बजाना पसंद करते हैं जो बॉलीवुड के माफियाओं और नशेड़ियों के झुंड के खिलाफ अपनी लड़ाई खुद लड़ते हैं।
इस बातचीत के दौरान कुमार विश्वास ने पहली बार अपने नोएडा स्थित आलीशान घर का 'होम टूर' भी कराया। यह महज एक घर नहीं, बल्कि सुविधाओं से लैस एक महल जैसा बंगला है। 5 मंजिला इस बंगले में जिम, स्पा, स्विमिंग पूल, स्टीम रूम और मसाज रूम जैसी तमाम सुविधाएं मौजूद हैं।
हालांकि, घर का सबसे खास हिस्सा उनका राइटिंग फ्लोर है। यहां एक खूबसूरत 'पेड़ के आकार की लाइब्रेरी' बनी हुई है, जो किसी का भी मन मोह ले। कुमार विश्वास ने बताया कि इसी कमरे में बैठकर उन्होंने 'रामायण' के गीतों पर काम किया और फिल्म 'आखिरी सवाल' के गाने लिखे। उनका यह घर उनकी सादगी और आधुनिकता का एक अनोखा संगम पेश करता है।