
Lock Upp Farah Khan Calls Her Mannerless: रियलिटी शो 'lock upp' के नए एपिसोड में एक बड़ा ड्रामा देखने को मिला। शो के फैसले वाले दिन कंटेस्टेंट आकांक्षा चौधरी को पूरे एक वीक के लिए सजा सेल में भेज दिया गया। इतना ही नहीं, उन्हें इस दौरान 'एट रिस्क' भी घोषित कर दिया गया, जिसका मतलब है कि वो पूरे हफ्ते चार्जशीट और किसी भी एक्टिवीटी के बावजूद खुद को सेफ नहीं कर पाएंगी।
इस फैसले को सुनाए जाने के बाद आकांक्षा बिना कोई बहस किए सजा सेल में चली गईं, लेकिन अंदर पहुंचते ही उन्होंने अपना गुस्सा जाहिर किया। को-कंटेस्टेंट योगेश रावत से बातचीत में उन्होंने कहा, "भाई, ये तो बहुत ज्यादा अनफेयर है।" आकांक्षा का कहना था कि जिस मुद्दे को लेकर उन्हें सजा दी गई, उसमें उनकी भी शिकायत थी। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कई बार खाना नहीं मिला, जबकि उन्होंने सिर्फ एक बार दूसरे कंटेस्टेंट का खाना ऑर्डर नहीं किया था।
तो वहीं, शो के दौरान जेलर फराह खान और होस्ट रितेश देशमुख ने आकांक्षा के व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताई। दोनों का मानना था कि उन्होंने एक छोटी-सी बात को जरूरत से ज्यादा बढ़ा दिया। रितेश ने कहा कि उनका रिएक्शन ऐसा था, जैसे उनके साथ बहुत बड़ी घटना हो गई हो।
जबकि आकांक्षा ने गुस्से में अपने व्यवहार को सही ठहराने की कोशिश की, तब फराह खान ने उन्हें फटकार लगाते हुए पूछा कि क्या गुस्से में कोई भी चीज फेंक देना सही तरीका है। उन्होंने गद्दा और चप्पल फेंकने जैसी हरकतों पर सवाल उठाते हुए इसे बहुत गंदा बिहेवियर बताया।
बता दें, फराह खान यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आकांक्षा को घर की सबसे बदतमीज, झगड़ालू और परेशान करने वाली कंटेस्टेंट" तक कह दिया। साथ ही, उन्होंने याद दिलाया कि कुछ समय पहले तक आकांक्षा दर्शकों की पसंदीदा कंटेस्टेंट मानी जा रही थीं, लेकिन उनके हालिया व्यवहार ने उनकी छवि पर असर डाला है। दूसरी ओर रितेश देशमुख ने भी उन पर छोटी बात को बड़ा विवाद बनाने का आरोप लगाया। अब देखना दिलचस्प होगा कि सजा सेल में बिताया गया ये एक हफ्ता आकांक्षा चौधरी के खेल और उनकी रणनीति पर क्या असर डालता है।