
Pakistani Actresses Mahira Khan & Iqra Aziz Praise Alpha: आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर YRF स्पाई यूनिवर्स की फिल्म 'Alpha' रिलीज के बाद लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। जहां एक ओर फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है, तो वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ स्क्रीनशॉटस नई बहस पैदा कर दी हैं। इन स्क्रीनशॉट्स में दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तानी एक्ट्रेसेस माहिरा खान और इकरा अजीज ने फिल्म की तारीफ की है।
वायरल फोटो के अनुसार, 'अल्फा' देखने के बाद एक्ट्रेसेस ने 'धुरंधर' की तारीफ की, जिसमें इकरा अजीज ने कथित तौर पर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, "जरूर देखें दोस्तों। धुरंधर के लिए हमारा जवाब। #ThanksYRF"। तो वहीं दूसरे स्क्रीनशॉट में माहिरा खान के नाम से लिखा गया है कि उन्हें फिल्म बेहद पसंद आई और ये उन्हें पुराने बॉलीवुड की याद दिलाती है।
इन दावों की सच्चाई अभी साफ नहीं है। भारत में माहिरा खान और इकरा अजीज के इंस्टाग्राम अकाउंट उपलब्ध नहीं होने के कारण इन वायरल स्क्रीनशॉट्स की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है। ऐसे में ये कहना सही नहीं होगा कि ये पोस्ट वास्तव में दोनों एक्ट्रेस ने ही शेयर किए हैं। फिलहाल इन्हें केवल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों के रूप में ही देखा जा रहा है।
इधर, बॉक्स ऑफिस पर 'अल्फा' ने उम्मीद से बेहतर शुरुआत की है। शुरुआती रिपोर्ट्स मुताबिक फिल्म ने पहले दिन भारत में करीब 9.25 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन किया, जो ट्रेड एक्सपर्ट्स के शुरुआती उम्मीद से अधिक माना जा रहा है। हालांकि फिल्म का बजट लगभग 100 से 130 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, इसलिए अपकमिंग वीकेंड का प्रदर्शन इसके लिए काफी अहम रहेगा।
इस फिल्म को लेकर क्रिटिक्स की राय भी बंटी हुई है। कुछ ने इसके एक्शन और विजुअल प्रेजेंटेशन की सराहना की, जबकि कुछ का मानना है कि कहानी और स्क्रीनप्ले को और मजबूत बनाया जा सकता था। तो वहीं कई क्रिटिक्स ने ये भी कहा कि 'अल्फा' की तुलना दूसरी एक्शन फिल्मों से करने के बजाय इसे अपनी अलग शैली में देखा जाना चाहिए। फिलहाल फिल्म की कमाई के साथ-साथ वायरल हो रहे इन स्क्रीनशॉट्स ने भी सोशल मीडिया पर चर्चा तेज कर दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या माहिरा खान या इकरा अजीज की ओर से इन वायरल दावों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं।