मनोरंजन

‘शराब नहीं पीते दलेर मेहंदी’, राजपाल यादव ने उत्तराखंड के मंत्री को सुनाई खरी-खोटी, बोले- आपने कला खरीद ली है?

Rajpal Yadav on Daler Mehndi Controversy: उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में हुए विवाद के बाद, राजपाल यादव ने भी मीका सिंह और अनुपम खेर की तरह दलेर मेहंदी को सपोर्ट किया है। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए एक्टर ने कहा कि गायक शराब नहीं पीते हैं और इन दिनों उनकी तबीयत ठीक नहीं है।
3 min read
• •
Oct 21, 2026
Rajpal Yadav on Daler Mehndi

Rajpal Yadav on Daler Mehndi: उत्तराखंड के टिहरी में कुंजापुरी मेले के दौरान एक लाइव परफॉरमेंस के समय, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर शराब पीने का आरोप लगाया था। इस घटना के बाद, दलेर के भाई मीका सिंह, दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर और अन्य लोगों ने गायक का साथ दिया। अब इस लिस्ट में बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव का नाम भी जुड़ गया है, जिन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए दलेर मेहंदी के समर्थन किया है। अभिनेता ने दलेर का बचाव करते हुए साफ किया कि वे शराब नहीं पीते हैं और फिलहाल उनकी तबीयत खराब चल रही है।

‘शराब नहीं पीते दलेर मेहंदी’… राजपाल यादव का मंत्री पर करारा जवाब

बुधवार, 21 अक्टूबर को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर राजपाल ने कहा, "दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते हैं। मैंने उनके साथ 'वेलकम टू द जंगल' में काम किया है। उनकी तबीयत खराब चल रही है और हर कोई उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए कोशिश कर रहा है।"

कलाकार को अपमानित करने पर राजपाल यादव भड़के, बोले- कला खरीद ली है क्या?

इसके अलावा, राजपाल ने मंच पर दलेर के साथ किए गए व्यवहार के लिए उत्तराखंड के मंत्री की आलोचना की और उनसे कला और कलाकारों का सम्मान करने की अपील की। ​​उन्होंने कहा, "ऐसा लग रहा है जैसे आपने कला को ही खरीद लिया हो। कला को कभी खरीदा नहीं जा सकता। कला एक जीवन है। जीवन का सम्मान करें।"

कला के महत्व पर जोर देते हुए राजपाल ने आगे कहा, "कला आती-जाती रहती है, लेकिन उसका मूल्य हमेशा बना रहता है। कला हजारों सालों से मौजूद है। कला के मूल्य का सम्मान करें।"

मीका सिंह ने भाई दलेर मेहंदी पर लगे नशे में होने के आरोपों का किया खंडन

मीका सिंह ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने उन तमाम अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि दलेर मेहंदी नशे की हालत में स्टेज पर थे। मीका ने बेहद गुस्से और भावुक अंदाज में कहा कि पिछले 30 सालों से उनके भाई इंडस्ट्री में एक सुपरस्टार के रूप में काम कर रहे हैं, लेकिन क्या किसी ने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है?

मीका ने कहा कि अगर कोई भी यह साबित कर दे कि उसने दलेर साहब को कभी भी शराब पीते हुए देखा है, तो वह गाना ही छोड़ देंगे। इसके साथ ही बड़े भाई के स्वास्थ्य पर खुलासा करते हुए मीका सिंह ने कहा कि दलेर मेहंदी का हाल ही में एक बड़ी सर्जरी हुई थी, जिसके कारण उनकी हेल्थ बिल्कुल भी ठीक नहीं था। बावजूद इसके अपना कमिटमेंट पूरा करने के लिए वह स्टेज पर गए थे।

मीका सिंह ने भी मंत्री पर साधा निशाना

मीका ने वायरल वीडियो में दिख रहे मंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर मंच पर आकर किसी ने यह कह दिया कि "आपसे गाया नहीं जा रहा, मत गाओ", तो वह बात अलग है, लेकिन किसी कलाकार पर झूठा यह आरोप लगाना कि वह शराब पीकर आया है, बेहद शर्मनाक है। मीका के इस समर्थन के बाद अब फैंस भी दलेर मेहंदी के पक्ष में खड़े नजर आ रहे हैं।

दलेर मेहंदी को अपमानित करने पर क्या बोले उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल

इस विवाद के बीच, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंगलवार को कहा कि अगर दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें इस कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए था। 'इंडियन एक्सप्रेस' से बातचीत में उनियाल ने बताया कि उन्हें कई फोन आए थे, जिनमें उनसे यह स्पष्ट करने के लिए कहा गया था कि गायक दवाइयां ले रहे हैं। हालांकि, उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया और कहा, "लेकिन मैंने ऐसा करने से मना कर दिया।" 59 वर्षीय दलेर मेहंदी सबसे लोकप्रिय पंजाबी गायकों में से एक हैं और वे 'तुनक तुनक तुन', 'बोलो ता रा रा', 'हो जाएगी बल्ले बल्ले' और कई अन्य गानों के लिए जाने जाते हैं।

Updated on:
21 Oct 2026 02:05 pm
Published on:
21 Oct 2026 01:44 pm