मनोरंजन

पार्टनर पर पड़ा छापा, चर्चा में आ गए Shekhar Suman जानिए पूरा मामला

Shekhar Suman And Dharmesh Sangani ED FEMA Raid: एक्टर शेखर सुमन के कारोबारी सहयोगी धर्मेश नरेंद्र सांगानी की कंपनी कलानी इम्पेक्स पर ED ने FEMA मामले में छापेमारी की है। जानिए पूरा मामला और शेखर सुमन का नाम क्यों चर्चा में आया।
2 min read
Jul 10, 2026
छापेमारी में शेखर सुमन का नाम शामिल
छापेमारी में शेखर सुमन का नाम शामिल (instagram: ShekharSuman)

Shekhar Suman And Dharmesh Sangani ED FEMA Raid: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक्टर शेखर सुमन के कारोबारी सहयोगी और फिल्म डायरेक्टर धर्मेश नरेंद्र सांगानी की कंपनी कलानी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत छापेमारी की है। एजेंसी का दावा है कि जांच के दौरान विदेशों में अघोषित बैंक खातों और संपत्तियों से जुड़े प्रूफ मिले हैं। तो वहीं, छापे के दौरान धर्मेश सांगानी पर डिजिटल सबूत मिटाने के लिए 13वीं मंजिल से मोबाइल फोन फेंकने का भी आरोप लगाया गया है।

FEMA जांच में क्या सामने आया?

ईडी के अनुसार, धर्मेश सांगानी और उनकी कंपनियों के खिलाफ FEMA के कथित उल्लंघन की जांच की जा रही है। एजेंसी का कहना है कि शुरुआती जांच में कनाडा, अमेरिका और UAE में अघोषित बैंक खातों और विदेशी संपत्तियों के होने संकेत मिले हैं।

बता दें, ईडी का आरोप है कि छापेमारी के दौरान धर्मेश सांगानी ने जांच से जुड़े डिजिटल सबूत को मिटाने की कोशिश की। एजेंसी के अनुसार, उन्होंने अपना मोबाइल फोन 13वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। हालांकि, इन दावों के समर्थन में अभी तक कोई आधिकारिक सबूत सामने नहीं आया है और मामले की जांच जारी है।

कौन हैं धर्मेश नरेंद्र सांगानी?

धर्मेश नरेंद्र सांगानी मुंबई के कारोबारी और फिल्म निर्माता हैं। वो कलानी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं और जीबीएम स्टूडियोज प्राइवेट लिमिटेड से भी जुड़े हैं। इसी समूह के तहत शेखर सुमन फिल्म अकादमी (SSFA) की स्थापना की गई थी। दरअसल, एंटरटेनमेंट और कारोबार की दुनिया में वे लंबे समय से एक्टिव हैं। शेखर सुमन अपने डिजिटल शो 'शेखर टुनाइट' के जरिए राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते रहे हैं। वे कई मौकों पर केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं की आलोचना भी कर चुके हैं।

शेखर सुमन का नाम क्यों आया?

इस मामले में फिलहाल ईडी की जांच केवल धर्मेश सांगानी, उनकी कंपनियों और कथित FEMA उल्लंघनों तक सीमित है। दरअसल, एजेंसी ने एक्टर शेखर सुमन के खिलाफ किसी भी तरह की जांच, तलाशी या फिर कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है।
शेखर सुमन का नाम इसलिए चर्चा में आया क्योंकि उनका धर्मेश सांगानी के साथ व्यावसायिक संबंध रहा है। दोनों ने मिलकर शेखर सुमन फिल्म अकादमी (SSFA) की स्थापना की थी। शेखर सुमन इन दिनों यूट्यूब पर 'शेखर टुनाइट' नाम से कॉमेडी शो कर रहे हैं। इसमें वह सरकार और सरकारी नीतियों पर गहरा कटाक्ष करते हैं। सोशल मीडिया पर कई लोग धर्मेश पर हुई कार्रवाई को शेखर के सरकार विरोधी व्यंग्य से जोड़ रहे हैं।

ED फिलहाल जब्त किए गए दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और विदेशी वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। एजेंसी की ओर से अब तक इस मामले में किसी गिरफ्तारी की जानकारी शेयर नहीं की गई है। जांच के आगे बढ़ने के साथ नए तथ्य सामने आ सकते हैं।

Updated on:
10 Jul 2026 06:39 pm
Published on:
10 Jul 2026 05:44 pm