Vir Das Apologies to Rapper Badshah: कॉमेडियन वीर दास ने हाल ही में रैपर और सिंगर बादशाह से मजाकिया अंदाज में माफी मांगी है। आखिर क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
Vir Das Apologies to Rapper Badshah: स्टैंडअप कॉमेडी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके वीर दास एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई शो या बयान नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर शेयर किया गया एक बेहद दिलचस्प और मजेदार किस्सा है। हाल ही में एक फैन की छोटी-सी गलती ने ऐसा माहौल बना दिया कि खुद वीर दास को रैपर बादशाह से मजाकिया अंदाज में माफी मांगनी पड़ गई।
दरअसल, एक फैन ने वीर दास को डायरेक्ट मैसेज भेजकर बताया कि वो असल में बादशाह का कॉन्सर्ट देखने जाना चाहता था, लेकिन टिकट बुकिंग के दौरान गलती से वीर दास के शो की टिकट खरीद बैठा। ये पूरी घटना व्हाट्सऐप चैट के दौरान हुई गलतफहमी का नतीजा थी। फैन ने अपने मैसेज में यह भी लिखा कि टिकट बुक होने के बाद उसे काफी देर तक समझ ही नहीं आया कि आखिर वह किसका शो देखने जा रहा है।
इस दिलचस्प मैसेज का स्क्रीनशॉट वीर दास ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा- मुझ पर आपस एहसान रह गया।' यानी जैसे वह इस गलती के लिए मजाक-मजाक में बादशाह से माफी मांग रहे हों। यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और फैंस ने इसे खूब पसंद किया।
फैन ने अपने मैसेज में आगे बताया कि इस गलती के बाद उसने वीर दास को इंस्टाग्राम पर फॉलो करना शुरू किया और अब वो उनके शो को लेकर उत्साहित भी है। यानी जो गलती पहले कन्फ्यूजन थी, वही अब एक मजेदार अनुभव में बदल गई। यही वजह है कि कई यूजर्स ने इस घटना को “बेस्ट मिस्टेक” तक बता दिया।
सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पोस्ट पर जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। किसी ने लिखा कि दोनों कलाकार अपने-अपने क्षेत्र के स्टार हैं और किसी का भी शो देखना बेकार नहीं जा सकता। वहीं कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि वीर दास को नहीं पहचानना अपने आप में बड़ी हैरानी की बात है।
गौरतलब है कि वीर दास 1 अप्रैल को लंदन के प्रतिष्ठित रॉबर्ट एल्बर्ट हॉल में परफॉर्म करने वाले हैं। यह उनके करियर का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है। दूसरी ओर बादशाह भी हाल ही में 22 मार्च को लंदन के मशहूर 'द ओ 2 एरिना' में धमाकेदार परफॉर्मेंस दे चुके हैं, जहां उनके साथ मंच पर नोरा फतेही भी नजर आई थीं।