
गाजियाबाद में पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद बेखौफ बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब हो रहे हैं। बदमाशों ने एक बार फिर थाना इंदिरापुरम इलाके के सेक्टर-15 वसुंधरा में बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि बदमाश किराए पर मकान लेने के बहाने घर में घुस गए और घर में मौजूद बुजुर्ग को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने बड़े आराम से पूरे घर को खंगालते हुए कैश और लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ललित जोशी अपनी पत्नी शशि जोशी के साथ थाना इंदिरापुरम इलाके के सेक्टर-15 वसुंधरा स्थित प्लॉट संख्या 377 में रहते हैं। ललित जोशी एलआईसी से रिटायर्ड हैं और उनकी पत्नी दिल्ली विद्युत विभाग में एएफओ के पद पर तैनात है। सुबह उनकी पत्नी अपनी ड्यूटी चली गई थी और घर पर ललित जोशी अकेले थे। उन्होंने कुछ कमरे किराए पर देने के लिए घर के बाहर एक बोर्ड लगाया हुआ था। जिसे देखकर दो दिन पहले दो लोग उनसे किराए पर मकान लेने के बहाने मिले थे। उसके बाद दोबारा फिर से वह घर देखने आए, लेकिन किराए की कोई बात नहीं बन पाई। तीसरी बार फिर से दो लोग शाम को करीब 4 बजे उनसे मिलने पहुंचे।
हाथ-पैर बांधकर ले उड़े लाखों का माल
इस दौरान उन्होंने कहा कि वह मकान फाइनल करने आए हैं। इसी बीच ललित जोशी उनके लिए पानी लेने रसोई में चले गए। तभी पीछे से दोनों बदमाशों ने ललित जोशी को हथियारों के बल पर लेकर उनके हाथ और पैर बांध दिए और घर की अलमारी में रखे 70 हजार रुपये और लाखों की कीमत के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। जैसे तैसे ललित जोशी ने खुद ही अपने हाथ और पैरों की रस्सी को खोला और करीब 1 घंटे बाद पुलिस को यह जानकारी दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इस तरह का मामला सामने आया है। ललित जोशी की तरफ से एक तहरीर दी गई है। घटनाक्रम के मुताबिक आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।