
Brij Bhushan Sharan Singh Statement: भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपने एक वीडियो को लेकर खुलकर बात की है। इस वीडियो में वह बच्चों के सामने जाति और धर्म को लेकर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वीडियो में कही गई बातें उनके दिल का दर्द थीं। इसके साथ ही बृजभूषण सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन को लेकर भी बड़ा बयान दिया है।
इसी वायरल वीडियो के संदर्भ में बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि उस वीडियो में जो बात थी वह मेरे दिल का गहरा दर्द था। उन्होंने पुरानी घटना को याद करते हुए बताया कि एक बार गोंडा में उन पर गोली चलाई गई थी। उस वक्त गोंडा के SP ने सारे रास्ते बंद करवा दिए थे, जिससे उनके परिवार के लोग भी उन तक नहीं पहुंच पा रहे थे। ऐसे मुश्किल वक्त में अस्पताल पहुंचने वाला पहला व्यक्ति लाल कालिया उर्फ यूनुस था जो कि एक मुस्लिम था।
बृजभूषण ने आगे कहा कि जिसने मुझ पर गोली चलाई वह भी एक मुस्लिम था और जिसने मेरी जान बचाई वह भी एक मुस्लिम ही था। भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें दोबारा हमले की आशंका के चलते मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उनके शुभचिंतकों और साथियों ने पूरी रात जागकर उनकी सुरक्षा की, जिसके बाद वे सुरक्षित अपने घर वापस लौट सके।
दरअसल, बीते दिनों बृजभूषण शरण सिंह का एक वीडियो सामने आया था। यह वीडियो गोंडा में उनके पैतृक आवास के पास का था। वीडियो में वह अपने नाती और एक अन्य बच्चे को लेकर बातचीत कर रहे थे। उन्होंने अपने नाती को गांव के एक दूसरे लड़के के साथ देखा। इसके बाद जब उन्हें पता चला कि वह लड़का पिछड़ी जाति से है, तो बृजभूषण ने कहा कि, "ऊंची और पिछड़ी जातियों के बीच का यह रिश्ता तो देखिए। एक पिछड़ी जाति से है, तो दूसरा ऊंची जाति से। बड़े होकर ये लोग बंट जाएंगे। बच्चे बहुत मासूम होते हैं उन्हें भला ऊंची और पिछड़ी जातियों के बारे में क्या पता, लेकिन बड़े होने पर यही समाज उन्हें आपस में बांट देता है।"
राहुल गांधी और विपक्षी दलों के साथ आने के सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने इसे देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विपक्षी गठबंधन में ऐसे लोग शामिल हैं जो उमर खालिद का समर्थन करते हैं और जिन्होंने समाज और देश के खिलाफ राष्ट्रविरोधी नारे लगाए हैं। उन्होंने आगे कहा कि इनका यह गठबंधन बहुत पहले ही बन गया था। बृजभूषण ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि जब से सोनिया गांधी ने पीछे हटकर राहुल गांधी को नेता बनाया है तब से वामपंथी विचारधारा वाले लोगों ने राहुल को पूरी तरह से घेर लिया है। इनमें से कुछ लोग उनके सलाहकार बन गए हैं तो कुछ उनके दोस्त बनकर साथ रह रहे हैं।