गोंडा के पांच लोगों की दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रतलाम में भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार XUV700 रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। CCTV में हादसा कैद हुआ। ड्राइवर को झपकी आने से नियंत्रण खोने की बात सामने आई है।
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में गोंडा के पांच लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार रेलिंग तोड़कर सीधे नीचे जा गिरी। हादसे में 15 साल का एक किशोर और करीब 60 साल के बुजुर्ग की मौत ने परिवारों को झकझोर दिया है। घटना का वीडियो पास लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुआ है।
रतलाम जिले में शुक्रवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अत्यधिक रफ्तार ने पांच लोगों की जान ले ली। जानकारी के अनुसार, MH03 EL 1388 नंबर की महिंद्रा XUV 700 मुंबई की ओर जा रही थी। सुबह करीब साढ़े 7 बजे जैसे ही वाहन एक्सप्रेसवे के एक हिस्से पर पहुंचा, ड्राइवर को झपकी आने से नियंत्रण खो गया। कार बेकाबू होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले थे। हाल ही में एक शादी में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे। मृतकों में 15 वर्षीय एक बच्चा और 60 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी शवों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में सुरक्षित रखवाया गया है। जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
NHAI के डायरेक्टर संदीप पाटीदार का कहना है कि दुर्घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर स्पीड गन लगी हुई है। रिकॉर्ड के मुताबिक हादसे के वक्त वाहन की रफ्तार लगभग 150 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जो दुर्घटना का मुख्य कारण मानी जा रही है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार के बेकाबू होकर रेलिंग तोड़ने के दृश्य साफ दिखाई देते हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।