
Gonda News: गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र के एक गांव में मां दुर्गा की आंखों की पट्टी खोलने के लिए अनोखा आयोजन हुआ। यहां श्रद्धालुओं के बीच बोली लगाई गई। बोली की शुरुआत 11 हजार रुपये से हुई और आखिर में 51 हजार रुपये पर जाकर रुकी। अरुण कुमार राजपूत ने सबसे ज्यादा बोली लगाई। उन्हें माता रानी की आंखों की पट्टी खोलने का मौका मिला। इस आयोजन की इलाके में चर्चा हो रही है।
नवरात्रि के मौके पर जिले के इटियाथोक विकासखंड की ग्राम पंचायत सरकांड के पंडित पुरवा में मां दुर्गा की पूजा का विशेष आयोजन किया गया। गांव में नवदुर्गा पूजा समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। नवरात्रि की पंचमी तिथि पर माता रानी की आंखों की पट्टी खोलने के लिए बोली लगाई गई। इस दौरान गांव के लोगों के साथ आसपास के श्रद्धालु भी मौजूद रहे।
माता रानी की आंखों की पट्टी खोलने के लिए बोली 11 हजार रुपये से शुरू हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर बोली लगाई। इस धार्मिक आयोजन में करीब 35 लोगों ने बोली लगाकर हिस्सा लिया। धीरे-धीरे बोली की रकम बढ़ती गई। आखिर में अरुण कुमार राजपूत ने 51 हजार रुपये की सबसे ऊंची बोली लगाई। इसके बाद उन्हें माता रानी की आंखों की पट्टी खोलने का मौका मिला।
इस दौरान श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इसे मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था और विश्वास से जुड़ा आयोजन बताया। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों से गांव के लोग एक साथ आते हैं। और आपसी मेलजोल बढ़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, पंडित पुरवा में नवदुर्गा पूजा की शुरुआत वर्ष 2024 में हुई थी। गांव के लोगों ने मिलकर इस कार्यक्रम को शुरू किया था। इसके बाद से हर साल नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा की जाती है। मां दुर्गा की प्रतिमा मास्टर अमिताभ बच्चन के घर पर स्थापित की गई है। यहां हर दिन पूजा और आरती होती है। रात में आरती के बाद जागरण का कार्यक्रम भी रखा जाता है। इसमें श्रद्धालु माता रानी के भजन गाते हैं। पूजा में शामिल होते हैं।
नवदुर्गा पूजा समिति से जुड़े ग्रामीणों ने बताया कि दशहरा के दिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटा जाएगा। इसके लिए ग्रामीण तैयारियों में जुटे हैं। इस आयोजन में मास्टर अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर, राधे प्रधान, अरुण कुमार राजपूत, चिंताराम मौर्य, मोहित मौर्य, विनय मौर्य, राजकुमार मौर्य, रमेश मास्टर, संतोष कुमार, राजित राम, अजय कुमार, सवारे लाल, राकेश, बनारसी, गुरदयाल, पंडित रामनारायण, संदीप पांडेय, देवेंद्र पांडेय, संजय पांडेय, बड़ेलाल प्रधान, करण तिवारी और अवधेश तिवारी बजरंगी समेत कई ग्रामीणों ने सहयोग किया। ग्रामीणों का कहना है कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और बड़े स्तर पर करने की कोशिश की जाएगी।