गोंडा

Gonda News: युवक को जहरीला पदार्थ पिलाकर मार डाला, मां और पत्नी बदहवास, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

Gonda News: पुरानी रंजिश को लेकर मुर्गी फार्म पर सो रहे युवक का हाथ पैर बांधकर जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। जिससे उसकी इलाज के दौरान तड़प तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मां और पत्नी बदहवास है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
2 min read
May 19, 2025
Gonda News
मृतक बबलू सिंह की फाइल फोटो

Gonda News: गोंडा जिले के कौड़िया थाना के क्षेत्र के एक गांव में पुरानी रंजिश को लेकर मुर्गी फार्म पर सो रहे युवक का हाथ पैर बांध कर जहरीला पदार्थ पिला देने से इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जिससे उसके चार बच्चे अनाथ हो गए। सूचना पर पत्नी व मां बदहवास हो गई। पूरे गांव में मातम छा गया। इस घटना को लेकर जहां इलाके में सनसनी फैल गई है। वही घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है। बच्चे बिलख- बिलख कर रो रहे हैं। जिन्हें देखकर हर किसी की आंखें नम हो जाती हैं।

Gonda News: गोंडा जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जेठपुरवा के मजरा पश्चिम पुरवा में तेज बहादुर सिंह व अंबिका सिंह के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके चलते 2 दिन पहले मारपीट हुई थी। दोनों पक्षों के शिकायती पत्र पर पुलिस ने मृतक के पक्ष से एनसीआर व दूसरे पक्ष से प्राथमिकी दर्ज कर दोनों पक्षों के तीन लोगों को शांति भंग की आशंका के चलते गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा था। मारपीट एवं गिरफ्तारी के तीसरे दिन मुर्गी फार्म पर सो रहे बब्लू सिंह उर्फ श्याम सिंह को गांव के ही कमल बहादुर सिंह, भारत सिंह, अन्नू उर्फ राजेश सिंह व राहुल सिंह द्वारा मारा पीटा गया। तथा हाथ पैर बांधकर जबरदस्ती मुंह में जहरीला पदार्थ पिला देने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत मृतक के पिता तेज बहादुर सिंह ने पुलिस से की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रोते बिलखते परिजन

मां और पत्नी बदहवास परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

मृतक के तीन पुत्रियां व एक पुत्र है। मृत्यु की सूचना पर पत्नी पुष्पा सिंह व वृद्ध माता सविता सिंह ने बदहवास हो गई। और रोते-रोते बेहोश हो जाती है। होश में आती तो रोने लगती। वहीं लड़की निधि सिंह, क्षमता सिंह, श्रद्धा सिंह व लड़का अंश सिंह सभी को रोते हुए देखा रोने का कारण पूछते हुए लड़कियां परिजनों से लिपटकर रोने लगती है।

प्रभारी निरीक्षक बोले- चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कौड़िया अरविंद सिंह ने बताया कि इस मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
19 May 2025 06:49 pm